#SvasJsNewsउत्तर प्रदेशदेशपुलिस विभागब्रेकिंग न्यूज़सहारनपुर

कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर डीएम-एसएसपी ने की समीक्षा बैठक, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर डीएम-एसएसपी ने की समीक्षा बैठक, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

विशेष रिपोर्ट-मो कलीम अंसारी

सहारनपुर आगामी कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को कलेक्ट्रेट के नवीन सभागार में जिला मजिस्ट्रेट अरविंद कुमार चौहान की अध्यक्षता तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन की उपस्थिति में पुलिस, प्रशासनिक अधिकारियों एवं कांवड़ शिविर आयोजकों के साथ समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में थानावार तैयारियों की समीक्षा करते हुए आयोजकों से फीडबैक भी लिया गया। डीएम अरविंद कुमार चौहान ने निर्देश दिए कि कांवड़ मार्ग को जोन एवं सेक्टर में विभाजित कर प्रत्येक क्षेत्र में मजिस्ट्रेट तैनात किए जाएंगे। सभी विभाग मिशन मोड में कार्य करते हुए समयबद्ध तरीके से आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करें। उन्होंने कहा कि कांवड़ मार्ग गड्ढामुक्त हो, जर्जर विद्युत तारों को तत्काल बदला जाए तथा ट्रांसफार्मरों की बैरिकेडिंग कर उन्हें पॉलीथीन से कवर किया जाए। बिजली के खंभों पर आठ फीट तक प्लास्टिक टेपिंग और रिफ्लेक्टर लगाने के भी निर्देश दिए गए। डीएम ने नगर निगम, जिला पंचायत, विद्युत विभाग, वन विभाग और एनएचएआई को संयुक्त रूप से कांवड़ मार्ग का निरीक्षण कर सभी कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि मार्गों पर झाड़ियों की कटाई-छंटाई, साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट, डिवाइडरों पर रिफ्लेक्टर और निर्माण सामग्री हटाने का कार्य प्राथमिकता से कराया जाए।बैठक में कांवड़ शिविरों की सुरक्षा पर भी विशेष जोर दिया गया। डीएम ने कहा कि शिविरों में अग्निरोधी सामग्री, विद्युत सुरक्षा, पर्याप्त सीसीटीवी कैमरे और स्वच्छता की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।स्वास्थ्य विभाग को एंटी वेनम वैक्सीन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखने तथा खाद्य सुरक्षा विभाग को शिविरों और खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांवड़ शिविरों को अनुमति देने में अनावश्यक देरी न हो, लेकिन आयोजकों को सभी निर्धारित मानकों का पालन करना होगा। साथ ही निर्देश दिए कि डीजे निर्धारित ऊंचाई और चौड़ाई के अनुरूप हों तथा उन पर केवल धार्मिक गीत और भजन ही बजाए जाएं, जिससे किसी की धार्मिक भावनाएं आहत न हों। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने पुलिस अधिकारियों को लगातार भ्रमणशील रहकर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान सोशल मीडिया पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही रूट डायवर्जन योजना तैयार कर आसपास के जिलों से भी समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) संतोष बहादुर सिंह, एसपी सिटी व्योम बिंदल, एसपी देहात मयंक पाठक, एसपी ट्रैफिक शैलेंद्र श्रीवास्तव, सिटी मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह सहित प्रशासन, पुलिस एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा कांवड़ शिविर आयोजक मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button