सहारनपुर में भाईचारे के साथ मनाई गई ईद-उल-अजहा, प्रशासन रहा अलर्ट मोड पर

सहारनपुर में भाईचारे के साथ मनाई गई ईद-उल-अजहा, प्रशासन रहा अलर्ट मोड पर
बड़ी ईदगाह पर डीआईजी, डीएम और एसएसपी ने संभाली सुरक्षा व्यवस्था
विशेष रिपोर्ट -मो कलीम अंसारी
सहारनपुर ईद-उल-अजहा पर्व के अवसर पर सहारनपुर जनपद में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। शहर की बड़ी ईदगाह सहित जनपद की प्रमुख ईदगाहों एवं मस्जिदों में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने अकीदत एवं भाईचारे के साथ नमाज अदा की। पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए पुलिस एवं प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर नजर आया।
पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र अभिषेक सिंह, जिलाधिकारी अरविन्द कुमार चौहान एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन सिंह ने अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ थाना कुतुबशेर क्षेत्रान्तर्गत अम्बाला रोड स्थित बड़ी ईदगाह पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने ईदगाह परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था को परखा। त्योहार को शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के लिए परिक्षेत्र के समस्त जनपदों को विभिन्न जोन एवं सेक्टरों में विभाजित कर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया। संवेदनशील क्षेत्रों में PAC एवं RAF की कंपनियां भी लगाई गईं। ड्रोन कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी की गई तथा पुलिस अधिकारियों द्वारा लगातार गश्त कर हालात पर नजर रखी गई। ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को पूर्ण सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए। भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, पार्किंग प्रबंधन एवं सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाए रखने हेतु विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए। इसके अतिरिक्त सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की सतत मॉनिटरिंग भी कराई गई ताकि किसी भी भ्रामक अथवा आपत्तिजनक सूचना पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
इस दौरान पुलिस उपमहानिरीक्षक अभिषेक सिंह ने उपस्थित जनसमुदाय एवं धर्मगुरुओं से संवाद स्थापित करते हुए ईद-उल-अजहा पर्व को आपसी सौहार्द, भाईचारे एवं सामाजिक समरसता के साथ मनाने की अपील की।
*पुलिस उपमहानिरीक्षक रेन्ज सहारनपुर अभिषेक सिंह ने कहा कि* ईद-उल-अजहा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में सम्पन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई थी। ड्रोन कैमरों से निगरानी, लगातार गश्त एवं अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाया गया। उन्होंने जनपदवासियों से भाईचारा एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
*जिलाधिकारी अरविन्द कुमार चौहान ने कहा कि* प्रशासन द्वारा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं। सभी विभागों को पूर्व से ही अलर्ट मोड पर रखा गया था तथा हर गतिविधि पर सतर्क निगरानी रखी गई।
*वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन सिंह ने बताया कि* त्योहार के दृष्टिगत जनपद के सभी संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। PAC एवं RAF की तैनाती के साथ ड्रोन कैमरों से निगरानी रखी गई तथा पुलिस टीम पूरी तरह मुस्तैद रही। उन्होंने कहा कि जनपद में ईद-उल-अजहा का पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ।



