भाजपा की तानाशाही, नफरत और भ्रष्ट राजनीति को उखाड़ फेंकेगी पीडीए की जनशक्ति – रंजीत यादव

भाजपा की तानाशाही, नफरत और भ्रष्ट राजनीति को उखाड़ फेंकेगी पीडीए की जनशक्ति – रंजीत यादव
रायबरेली, 12 मई 2026।
समाजवादी पार्टी लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव मनोनीत होने पर वरिष्ठ समाजवादी नेता रंजीत यादव का रायबरेली में सपाइयों द्वारा ऐतिहासिक एवं जोरदार स्वागत किया गया। कार्यक्रम जनाक्रोश सभा में तब्दील हो गया, जहां समाजवादी नेताओं ने भाजपा सरकार की जनविरोधी, तानाशाही और विभाजनकारी नीतियों के खिलाफ जमकर हमला बोला। सैकड़ों की संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं ने “पीडीए एकता ज़िंदाबाद” और “भाजपा हटाओ, लोकतंत्र बचाओ” के नारों से माहौल गुंजायमान कर दिया।
इस दौरान सदर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी आर.पी. यादव, राजेश मौर्य, सुरेश पटेल, राजीव गौतम सहित बड़ी संख्या में समाजवादी कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
अपने ओजस्वी संबोधन में समाजवादी पार्टी लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव रंजीत यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी पीडीए यानी पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक एवं उपेक्षित अगड़ा समाज की ताकत को एकजुट कर भाजपा की नफरत और झूठ की राजनीति को जड़ से उखाड़ फेंकेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने लोकतंत्र को कमजोर करने, संविधान की मूल भावना पर हमला करने और गरीबों की आवाज दबाने का काम किया है।
रंजीत यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष माननीय अखिलेश यादव समाज के हर वर्ग को साथ लेकर सामाजिक न्याय और भाईचारे की राजनीति करते हैं, जबकि भाजपा केवल धर्म और जाति के नाम पर समाज को बांटकर सत्ता बचाने में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि भाजपा राज में बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार चरम सीमा पर पहुंच चुका है। किसान आत्महत्या कर रहे हैं, नौजवान नौकरी के लिए भटक रहे हैं, व्यापारी बर्बाद हो रहे हैं और मजदूरों का शोषण लगातार बढ़ रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जनता के असली मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए धार्मिक उन्माद और नफरत की राजनीति फैला रही है, लेकिन अब जनता सब समझ चुकी है और आने वाले समय में भाजपा को करारा जवाब देगी।
सदर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी आर.पी. यादव ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपाइयों ने चुनावी घपलों, प्रशासनिक दबाव और लोकतांत्रिक संस्थाओं के दुरुपयोग से राजनीति को प्रदूषित कर दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा संविधान और लोकतंत्र दोनों के लिए खतरा बन चुकी है तथा समाज में जहर घोलकर भाईचारे और सौहार्द को नष्ट करने का षड्यंत्र कर रही है, जिसे समाजवादी लोग कभी सफल नहीं होने देंगे।
जिला उपाध्यक्ष राजेश मौर्य ने कहा कि सोना न खरीदने की सलाह जनता को नहीं बल्कि भाजपा के भ्रष्ट नेताओं और उनके पूंजीपति मित्रों को दी जानी चाहिए, जिन्होंने भ्रष्टाचार और लूट से अकूत संपत्ति इकट्ठा कर ली है। उन्होंने कहा कि आम जनता तो महंगाई और बेरोजगारी से इतनी त्रस्त है कि दो वक्त की रोटी जुटाना मुश्किल हो गया है।
वरिष्ठ सपा नेता सुरेश पटेल ने कहा कि लखनऊ से गोरखपुर तक भाजपा नेता अपनी काली कमाई का स्वर्णीकरण करने में जुटे हैं, जबकि गरीब जनता महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक बदहाली से जूझ रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार केवल अमीरों की सरकार बनकर रह गई है।
कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के जिला मीडिया प्रभारी रविन्द्र सिंह, अखिलेश माही, दिनेश पिंटू, आशीष पटेल, अमित सिंह, बबलू प्रधान, राहुल निर्मल बागी, कृष्णेन्द्र श्रीवास्तव, करुणेद्र सिंह, टी.पी. यादव, कौशलेंद्र सिंह, अरविन्द चौधरी, महेश गुप्ता सहित सैकड़ों समाजवादी कार्यकर्ता मौजूद रहे।



