थाना समाधान दिवस और रिक्रूट आरक्षियों की आउटडोर परीक्षा का निरीक्षण

थाना समाधान दिवस और रिक्रूट आरक्षियों की आउटडोर परीक्षा का निरीक्षण
संवाददाता -मो कलीम अंसारी
मुजफ्फरनगर सहारनपुर पुलिस उप महानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र अभिषेक सिंह ने शनिवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर संजय वर्मा के साथ जनपद मुजफ्फरनगर के थाना मीरापुर और रिजर्व पुलिस लाइन्स में व्यापक निरीक्षण किया।
शनिवार को थाना मीरापुर में थाना समाधान दिवस के अवसर पर प्राप्त प्रार्थना पत्रों का विस्तृत जायजा लिया गया। पुलिस उप महानिरीक्षक अभिषेक सिंह ने प्रभारी निरीक्षक को निर्देश दिया कि सभी प्रार्थना पत्रों का मौके पर जाकर पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान थाना परिसर का गहन अवलोकन किया गया। अपराध रजिस्टर, मिशन शक्ति केन्द्र 5.0 से संबंधित रजिस्टर सहित अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों को देखा गया। अधिकारियों को अभिलेखों को अद्यतन रखने, शुद्धता बनाए रखने और शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए।
पुलिस उप महानिरीक्षक ने मिशन शक्ति 5.0 के तहत थाना परिसर में स्थापित क्रेच (Creche) का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, समुचित विकास और सुरक्षित वातावरण की समीक्षा की तथा सभी व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए।
उत्तर प्रदेश पुलिस में भर्ती हो रहे 60,000 प्रशिक्षणाधीन रिक्रूट आरक्षियों के थाना परिसर में ठहरने और भोजन की व्यवस्थाओं का भी सूक्ष्म निरीक्षण किया गया। बैरक, भोजनालय (मैस) और अन्य सुविधाओं की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं उपयोगिता को ध्यान में रखते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
थाना परिसर की साफ-सफाई, महिला हेल्प डेस्क की कार्यप्रणाली और आमजन के प्रति पुलिस व्यवहार की भी समीक्षा की गई। अभिषेक सिंह ने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित, निष्पक्ष और संवेदनशील निस्तारण सुनिश्चित करते हुए पुलिस-जनता के बीच विश्वास और सहयोग को और मजबूत बनाया जाए।
इसी दिन पुलिस उप महानिरीक्षक अभिषेक सिंह ने रिजर्व पुलिस लाइन्स, मुजफ्फरनगर में प्रशिक्षणरत रिक्रूट आरक्षियों की आउटडोर परीक्षा का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान परीक्षा की पारदर्शिता, निष्पक्षता और मानकों के अनुरूप आयोजन पर विशेष जोर दिया गया। उन्होंने रिक्रूट आरक्षियों की शारीरिक दक्षता, अनुशासन और उत्साह की सराहना की तथा उन्हें पूर्ण निष्ठा और मेहनत के साथ परीक्षा देने के लिए प्रेरित किया।



