नहर में तड़पता गौवंश, प्रशासन मौन; समाजसेवियों ने बचाई जान

नहर में तड़पता गौवंश, प्रशासन मौन; समाजसेवियों ने बचाई जान
SvasJsNews
जनपद पीलीभीत से विशेष रिपोर्ट
जनपद पीलीभीत के विकासखंड पूरनपुर अंतर्गत ग्राम पिपरिया जयभद्रा में शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे एक गंभीर मामला सामने आया। सूचना मिली कि गांव की नहर में एक गौवंश पड़ा हुआ है और आवारा कुत्ते उसे नोच रहे हैं। स्थानीय लोगों में आक्रोश और चिंता का माहौल बन गया। मौके पर पहुंचे गौ सेवा जिला प्रमुख ठाकुर शिवम सिंह भदोरिया ने तत्काल पूरनपुर के खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) को फोन पर सूचना दी। आरोप है कि लगभग तीन घंटे तक इंतजार करने के बावजूद न तो बीडीओ की ओर से कोई जवाब मिला और न ही संबंधित सचिव ने संपर्क किया। प्रशासन की कथित अनदेखी से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई।

सरकारी सहायता न मिलने पर ठाकुर शिवम सिंह भदोरिया ने स्वयं पहल करते हुए घायल गौवंश को अपनी निजी गाड़ी से अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टर आशीष शर्मा, धीरू, सद्दाम और विकास के सहयोग से उपचार शुरू कराया गया। लाइनपार की गौ सेवा टीम ने भी सक्रिय सहयोग दिया। प्राथमिक उपचार के बाद गौवंश को सुरक्षित रूप से कान्हा गौशाला में शिफ्ट किया गया, जहां उसका नियमित इलाज जारी रहेगा। इस मानवीय प्रयास में पंडित सचिन मिश्रा, राहुल वाजपेई और सिद्धांत जादौन ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। गौ सेवा जिला प्रमुख ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में किसी गौवंश को समय पर सरकारी मदद नहीं मिली तो वे सीधे संबंधित अधिकारी के कार्यालय तक मामला ले जाएंगे। यह घटना प्रशासनिक तत्परता पर गंभीर सवाल खड़े करती है और गौ संरक्षण को लेकर जमीनी हकीकत उजागर करती है।




