अकेलेपन की कीमत: 60 करोड़ की संपत्ति, पर साथ कोई नहीं SvasJsNews

अकेलेपन की कीमत: 60 करोड़ की संपत्ति, पर साथ कोई नहीं
SvasJsNews
जबलपुर– Dr. Hemlata Shrivastava — जबलपुर की जानी-मानी वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञ — अब इस दुनिया में नहीं रहीं। 81 वर्ष की आयु में उनका निधन हो गया। शहर में दशकों तक हजारों मरीजों की आंखों की रोशनी बचाने वाली इस डॉक्टर के पास करीब 11,000 वर्गफीट की प्राइम प्रॉपर्टी और लगभग 50 से 60 करोड़ रुपये की अनुमानित संपत्ति बताई जा रही है। लेकिन इस कहानी का सबसे भावुक पहलू संपत्ति नहीं, बल्कि अकेलापन है। तीन वर्ष पहले उनका इकलौता बेटा दुनिया छोड़ गया। पिछले वर्ष पति का भी निधन हो गया। जीवन की अंतिम दहलीज पर वे लगभग अकेली रह गईं।
अब उनके निधन के बाद करोड़ों की संपत्ति को लेकर दावेदारों की भीड़ उमड़ पड़ी है। रिश्तेदारी के दावे, कानूनी कागजात और हिस्सेदारी को लेकर कोर्ट-कचहरी की तैयारी शुरू हो चुकी है। जिस घर में कभी परिवार की चहल-पहल रही होगी, आज वहां संपत्ति के कागजों की चर्चा है। यह सिर्फ एक डॉक्टर की मृत्यु की खबर नहीं है। यह उस सच्चाई का आईना है जिसमें इंसान पूरी उम्र मेहनत कर दौलत जोड़ता है, लेकिन जीवन के अंतिम पड़ाव पर साथ देने वाला कोई अपना नहीं बचता। पैसा आराम दे सकता है, लेकिन सुकून नहीं। बड़ी संपत्ति सुरक्षा दे सकती है, पर रिश्तों की गर्माहट नहीं।
समाज के लिए यह एक गहरा संदेश है—
हम करोड़ों की संपत्ति बना सकते हैं, पर अपनों का साथ नहीं खरीद सकते।
हम आलीशान मकान बना सकते हैं, पर उनमें बसने वाली हंसी नहीं।
आखिर में वही अमीर है जिसके पास रिश्तों की दौलत है।
दौलत तिजोरियों में रह जाती है,
लेकिन अच्छे कर्म और यादें हमेशा जिंदा रहती हैं। ❤️



