मकर संक्रांति पर सेन क्षोरकार वेलफेयर सोसायटी की अनूठी पहल, 78 हजार रुपये गौ-सेवा हेतु समर्पित
रिपोर्ट : सत्यनारायण सेन, गुरला

मकर संक्रांति पर सेन क्षोरकार वेलफेयर सोसायटी की अनूठी पहल, 78 हजार रुपये गौ-सेवा हेतु समर्पित
SvasJsNews
रिपोर्ट : सत्यनारायण सेन, गुरला
भीलवाड़ा। मकर संक्रांति के पावन पर्व पर सेन क्षोरकार वेलफेयर सोसायटी, भीलवाड़ा द्वारा सामाजिक सरोकार और गौ-सेवा का एक प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया गया। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी सेन समाज के सहयोग एवं भीलवाड़ा के क्षोरकार सैलून संचालकों की सहभागिता से “गो सेवार्थ चैरिटी” कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें निःशुल्क हेयर कटिंग के माध्यम से दान स्वरूप एकत्र की गई राशि कुल 78,000 रुपये गौ-सेवा के लिए समर्पित की गई।
सेन क्षोरकार वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष गोविंद सेन ने जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्यक्रम 14 जनवरी 2026, मंगलवार को सूचना केंद्र चौराहा, भीलवाड़ा पर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में निःशुल्क हेयर कटिंग कर आमजन से प्राप्त दान की पूरी राशि गोमाता के उपचार एवं संरक्षण हेतु “प.पू. माधव गौ विज्ञान अनुसंधान संस्थान, नौगांवा, जिला भीलवाड़ा” को सौंपी गई। उन्होंने कहा कि सेन समाज की यह परंपरा सेवा, समर्पण और सामाजिक जिम्मेदारी का प्रतीक बन चुकी है।

संस्था के सचिव जितेंद्र सेन ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान कई गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रही, जिन्होंने सेन क्षोरकार व सेन समाज के इस सेवा कार्य की सराहना की। प्रमुख रूप से वरिष्ठ प्रचारक सुरेश चंद्र, सांसद दामोदर अग्रवाल, विधायक अशोक कोठारी, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष लादूलाल तेली, बजरंग दल के गणेश प्रजापत, विश्व हिंदू परिषद के विजय शर्मा सहित अनेक सामाजिक व राजनीतिक प्रतिनिधि मौजूद रहे। वहीं प.पू. माधव गौ विज्ञान अनुसंधान संस्थान के अध्यक्ष डी.पी. अग्रवाल, सचिव सत्यप्रकाश गग्गड़ एवं कोषाध्यक्ष हेमंत शर्मा ने गौ-सेवा के महत्व पर प्रकाश डाला।

कोषाध्यक्ष लक्ष्मण सेन ने बताया कि इस कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्था के संरक्षक रामप्रसाद सेन सहित बड़ी संख्या में सेन समाज के सदस्य, सैलून संचालक एवं युवा साथियों का सराहनीय योगदान रहा। उन्होंने कहा कि सामूहिक सहयोग और सेवा भावना से ही इस प्रकार के सामाजिक कार्य संभव हो पाते हैं।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने सेन क्षोरकार वेलफेयर सोसायटी की इस पहल की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्य निरंतर जारी रखने का आह्वान किया।




