शाकंभरी जयंती का प्रदेश स्तरीय आयोजन हर्षोल्लास के साथ संपन्न
संवाददाता- सत्यनारायण सेन, गुरला

शाकंभरी जयंती का प्रदेश स्तरीय आयोजन हर्षोल्लास के साथ संपन्न
— SvasJsNews
संवाददाता: सत्यनारायण सेन, गुरला (भीलवाड़ा)
भीलवाड़ा जिले के गुरला क्षेत्र स्थित चांदरास शाकंभरी मंदिर में खारवाल–खारोल समाज की कुलदेवी भगवती शाकंभरी देवी के प्राकट्य दिवस पर आयोजित प्रदेश स्तरीय शाकंभरी जयंती महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक एकता के अद्भुत संगम के रूप में संपन्न हुआ। इस पावन अवसर पर राजस्थान सहित देश के विभिन्न अंचलों से आए हजारों श्रद्धालुओं ने माता के दरबार में शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त किया और समाज की सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत रूप दिया।
प्रदेश स्तरीय मुख्य कार्यक्रम चांदरास शाकंभरी मंदिर प्रांगण में भव्य रूप से आयोजित हुआ, जिसमें समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, महिला एवं युवा संगठनों की सक्रिय सहभागिता देखने को मिली। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मांडल विधायक श्री उदयलाल जी भड़ाणा रहे, जबकि अध्यक्षता खारोल–खारवाल समाज महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री सुरेश जी खारवाल (घाटाबिल्लौद, इंदौर) ने की।
विशिष्ट अतिथियों में वरिष्ठ भाजपा नेता बाबूलाल जी भड़ाणा, गुजरात प्रदेश अध्यक्ष बद्रीलाल खारोल, संरक्षक गिरधारी लाल जी पंवार, प्रदेश सचिव बाबूलाल माछलीया (अहमदाबाद), कोटा संभाग अध्यक्ष सत्यनारायण खारवाल, युवा संगठन जिला अध्यक्ष निर्मल खारोल, संगठन मंत्री बालचंद खारवाल, शाकंभरी युवा शक्ति प्रदेश अध्यक्ष नंदकिशोर खारोल (ताजपुरा), सचिव ओमप्रकाश दतवाल (रघुनाथपुरा), राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जगदीश खारोल, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष कुशाल सिंह डोडिया तथा चांदरास सरपंच प्रतिनिधि नारायण लाल गुर्जर प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का कुशल संचालन शिवलाल खारोल (पुर, भीलवाड़ा) ने किया।
मंदिर समिति के अध्यक्ष मांगीलाल जी खारोल (करेड़ा) ने बताया कि यह आयोजन केवल धार्मिक नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, संगठन की मजबूती और नई पीढ़ी को संस्कृति से जोड़ने का प्रेरक मंच भी रहा। दो दिवसीय आयोजन के दौरान रात्रि में विशाल भजन संध्या, अतिथियों का सम्मान तथा परंपरागत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
इस अवसर पर मेवाड़ अंचल के लगभग 60 गांवों से सजी-धजी शोभायात्राएं माता के जयकारों, ढोल-नगाड़ों और आकर्षक झांकियों के साथ मंदिर परिसर पहुंचीं। हजारों की संख्या में मातृशक्ति, युवा साथी और समाजजन अपने परिवारों सहित माता के दरबार में पहुंचे, जिससे चांदरास क्षेत्र श्रद्धा और उल्लास से सराबोर हो उठा।
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सूरत शाकंभरी मित्र मंडल द्वारा 15 हजार से अधिक भक्तों के लिए सामूहिक भोज प्रसादी की भव्य व्यवस्था की गई। वहीं अहमदाबाद शाकंभरी मित्र मंडल ने आयोजन प्रबंधन में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया। मंदिर समिति के उपाध्यक्ष उदयलाल जी खेमाणा, सचिव कान्हा जी टहुका, उदाजी घोड़ास सहित समस्त प्रबंधन कार्यकारिणी और सदस्यगण आयोजन को सफल बनाने में जुटे रहे।
समग्र रूप से यह प्रदेश स्तरीय शाकंभरी जयंती महोत्सव समाज की आस्था, संगठनात्मक एकता और सांस्कृतिक विरासत का सशक्त प्रतीक बनकर उभरा, जिसकी गूंज लंबे समय तक समाजजन के मन में बनी रहेगी।



