उनडी में श्रीराधा-कृष्ण मूर्ति स्थापना को लेकर हुआ भव्य भूमि पूजन | SvasJsNews
ब्यूरो रिपोर्ट: समरथाराम सुंदेशा (राजस्थान)

उनडी में श्रीराधा-कृष्ण मूर्ति स्थापना को लेकर हुआ भव्य भूमि पूजन | SvasJsNews
राजस्थान के जालोर जिले के उनडी क्षेत्र में आस्था, परंपरा और सामाजिक एकजुटता का अद्भुत संगम देखने को मिला। राजनगर न्यू बस स्टैंड सर्कल पर भगवान श्रीराधा-कृष्ण की भव्य मूर्ति स्थापना को लेकर विधिवत भूमि पूजन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के समस्त ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से सहभागिता निभाई, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

वैदिक परंपराओं के अनुरूप पंडितों द्वारा वेद मंत्रोच्चार के साथ भूमि पूजन संपन्न कराया गया। मंत्रों की गूंज और श्रद्धालुओं की आस्था ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया। आयोजन के दौरान ग्रामीणों ने इसे क्षेत्र के लिए शुभ, मंगलकारी और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण बताया।

जानकारी के अनुसार, इस स्थल पर एक भव्य सिमरा (चबूतरा/मंच) का निर्माण किया जाएगा, जिस पर लगभग 7 फीट ऊंची पत्थर से निर्मित भगवान श्रीराधा-कृष्ण की आकर्षक मूर्ति स्थापित की जाएगी। मूर्ति स्थापना के बाद यह स्थान न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र बनेगा, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक भी होगा।
इस पुनीत कार्य के लिए क्षेत्र के भामाशाहों और ग्रामीणों ने अपनी-अपनी श्रद्धा के अनुसार आर्थिक सहयोग देने का संकल्प लिया है। सामूहिक सहयोग से होने वाला यह निर्माण कार्य आपसी भाईचारे और सहभागिता की मिसाल पेश कर रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि मूर्ति स्थापना से क्षेत्र में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होगा और आने वाली पीढ़ियों को संस्कार व भक्ति से जोड़ने का कार्य करेगा।
ब्यूरो रिपोर्ट: समरथाराम सुंदेशा (राजस्थान)



