लखीमपुर में किसान दिवस पर स्व-जनगणना के प्रति किसानों को किया जागरूक, प्राकृतिक खेती अपनाने की अपील

लखीमपुर में किसान दिवस पर स्व-जनगणना के प्रति किसानों को किया जागरूक, प्राकृतिक खेती अपनाने की अपील
डीएम ने किसानों से किया संवाद, पराली जलाने की घटनाओं पर प्रभावी निगरानी के दिए निर्देश
ब्यूरो रिपोर्टर- तुषार शुक्ला
लखीमपुर खीरी। किसानों की समस्याओं के समाधान, कृषि योजनाओं की जानकारी और खेती को अधिक टिकाऊ बनाने के उद्देश्य से बुधवार को विकास भवन स्थित स्वामी विवेकानंद सभागार में जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह की अध्यक्षता में किसान दिवस आयोजित किया गया। बैठक में स्व-जनगणना के प्रति किसानों को जागरूक करने के साथ प्राकृतिक एवं जैविक खेती अपनाने पर विशेष जोर दिया गया।
किसान दिवस में डीएम अंजनी कुमार सिंह ने किसानों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी कृषि गतिविधियों और खेती से जुड़ी जरूरतों की जानकारी ली। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अपनी कृषि योग्य भूमि के कम से कम एक हिस्से में प्राकृतिक अथवा जैविक खेती अवश्य अपनाएं। इससे खेती को टिकाऊ बनाने के साथ मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने में भी मदद मिलेगी।
डीएम ने कहा कि पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष जनपद में पराली जलाने की घटनाओं में काफी कमी आई है। इस स्थिति को बनाए रखने के लिए निरंतर निगरानी जरूरी है। उन्होंने उप कृषि निदेशक को निर्देश दिए कि पराली जलाने की किसी भी घटना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार जुर्माना भी लगाया जाए।
बैठक के प्रारंभ में उप कृषि निदेशक गिरीश चंद्र ने जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी सहित उपस्थित अधिकारियों, प्रगतिशील किसानों, पशुपालकों एवं मत्स्य पालकों का स्वागत किया। इस दौरान स्व-जनगणना से संबंधित पंपलेट वितरित कर किसानों को इसकी प्रक्रिया और महत्ता के बारे में जानकारी दी गई। उप कृषि निदेशक ने किसानों से स्व-जनगणना में अनिवार्य रूप से सहभागिता करने की अपील की।
जिला गन्ना अधिकारी जितेंद्र कुमार मिश्रा ने विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए किसानों को उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। वहीं जिला कृषि अधिकारी सूर्य प्रताप सिंह ने बताया कि जनपद में उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता है। इसके साथ ही सभी राजकीय कृषि बीज भंडारों पर रबी सीजन के बीज भी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं।
किसान दिवस में कृषि एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों सहित 100 से अधिक किसान उपस्थित रहे। अंत में उप कृषि निदेशक ने सभी अधिकारियों एवं किसानों का आभार व्यक्त किया।



