#SvasJsNewsउत्तर प्रदेशदेशब्रेकिंग न्यूज़लखीमपुर खीरी

लखीमपुर खीरी में 19 नवंबर से शुरू होगा फाइलेरिया उन्मूलन अभियान, तीन ब्लॉकों में घर-घर खिलाई जाएगी दवा

लखीमपुर खीरी में 19 नवंबर से शुरू होगा फाइलेरिया उन्मूलन अभियान, तीन ब्लॉकों में घर-घर खिलाई जाएगी दवा

  ब्यूरो रिपोर्टर – तुषार शुक्ला
लखीमपुर खीरी। फाइलेरिया उन्मूलन (आईडीए) अभियान को लेकर कलेक्ट्रेट के अटल सभागार में जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह की अध्यक्षता में मीडिया संवेदीकरण कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता भी मौजूद रहे। कार्यशाला में 19 नवंबर से शुरू होने वाले अभियान की तैयारियों और रूपरेखा की जानकारी दी गई।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, अभियान 19 नवंबर से 7 दिसंबर 2026 तक बेहजम, फूलबेहड़ और पसगवां ब्लॉक में चलाया जाएगा। इसके तहत आशा और अन्य फ्रंटलाइन वर्कर घर-घर जाकर एक वर्ष से अधिक आयु के पात्र लोगों को अपने सामने फाइलेरिया रोधी दवा खिलाएंगे। छूटे हुए लोगों के लिए बुधवार, शनिवार और रविवार को मॉपअप राउंड चलाया जाएगा।

अभियान के लिए 756 दो सदस्यीय टीमें गठित की गई हैं, जिनमें कुल 1512 सदस्य शामिल हैं। इन टीमों की निगरानी 155 पर्यवेक्षक करेंगे। जिले की कुल जनसंख्या 48,82,555 के सापेक्ष 8,71,813 लोगों को दवा खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि एक वर्ष से कम आयु के बच्चों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर रोगों से ग्रसित व्यक्तियों को दवा नहीं दी जाएगी। दवा का सेवन खाली पेट नहीं करना है। दवा खाने के बाद कुछ लोगों को चक्कर, उल्टी, जी मिचलाना या हल्का बुखार हो सकता है, जो सामान्यतः एक-दो घंटे में ठीक हो जाता है। गंभीर स्थिति से निपटने के लिए जनपद और ब्लॉक स्तर पर रैपिड रिस्पांस टीमों का गठन किया गया है।

अभियान को सफल बनाने में आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, वालंटियर और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी सहयोग करेंगे। इस दौरान डिप्टी सीएमओ डॉ. प्रमोद वर्मा और जिला मलेरिया अधिकारी हरिशंकर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button