गोला में काशीराम आवास कॉलोनी के पास नाले पर रखे पत्थर क्षतिग्रस्त, हादसे का खतरा

गोला में काशीराम आवास कॉलोनी के पास नाले पर रखे पत्थर क्षतिग्रस्त, हादसे का खतरा
ब्यूरो रिपोर्टर- तुषार शुक्ला
गोला गोकर्णनाथ खीरी। नगर पालिका क्षेत्र की काशीराम आवास कॉलोनी के पास सड़क किनारे बने नाले की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। नाले को ढकने के लिए रखे गए पत्थर कई जगह से टूटे और क्षतिग्रस्त हैं। इसके चलते नाला खुला पड़ा है। वहीं नाले के अंदर कूड़ा-कचरा भी जमा है, जिससे आसपास गंदगी का माहौल बना हुआ है।
खुले नाले और टूटे पत्थरों के कारण राहगीरों के साथ-साथ आवारा पशुओं के लिए भी खतरा बना हुआ है। विशेषकर गाय और अन्य मवेशी कभी भी नाले में गिरकर चोटिल हो सकते हैं। अब सर्दी का मौसम भी दस्तक दे चुका है और सुबह-शाम कोहरा छाने की संभावना के बीच खतरा और बढ़ सकता है। कम दृश्यता के कारण राहगीरों के साथ-साथ पशुओं को भी खुला नाला दिखाई न देने से दुर्घटना का अंदेशा बना रहेगा।
ऐसे में किसी अप्रिय घटना से पहले नाले की सफाई और क्षतिग्रस्त पत्थरों को दुरुस्त कराना बेहद जरूरी है। स्थानीय लोगों ने संबंधित जिम्मेदारों से जनहित और पशुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जल्द आवश्यक कार्रवाई कराने की मांग की है।



