छठ पूजा से पहले प्रशासन अलर्ट, एसडीएम सदर और एसएसपी ने सेठघाट का किया निरीक्षण

छठ पूजा से पहले प्रशासन अलर्ट, एसडीएम सदर और एसएसपी ने सेठघाट का किया निरीक्षण
साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर दिए आवश्यक निर्देश
ब्यूरो रिपोर्टर- तुषार शुक्ला
लखीमपुर खीरी। आगामी छठ पूजा पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को एसडीएम सदर चेलवाराजु आर. और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग ने सेठघाट पहुंचकर व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने घाट पर साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुरक्षा से संबंधित तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को घाट पर साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक इंतजाम समय से पूरे करने के निर्देश दिए। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती, यातायात प्रबंधन और लगातार पेट्रोलिंग करने के निर्देश भी दिए गए।
एसएसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि छठ पूजा के दौरान घाट पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह मुस्तैद रहे।
प्रशासनिक अधिकारियों ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ तैयारियां पूरी करने तथा पर्व को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के निर्देश दिए।



