जिला उद्योग बंधु की बैठक में डीएम अंजनी कुमार सिंह सख्त, उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश

जिला उद्योग बंधु की बैठक में डीएम अंजनी कुमार सिंह सख्त, उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश
निवेश मित्र पोर्टल पर लंबित आवेदनों को जल्द निपटाने के निर्देश, युवा उद्यमी और स्वरोजगार योजनाओं की भी हुई समीक्षा
ब्यूरो रिपोर्टर – तुषार शुक्ला
लखीमपुर खीरी, 13 नवंबर। जनपद में औद्योगिक विकास को गति देने और उद्यमियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को अटल सभागार में जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला उद्योग बंधु की बैठक आयोजित की गई। बैठक में डीएम ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि उद्यमियों, व्यापारियों एवं निर्यातकों की जायज समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
बैठक में डीएम ने कहा कि उद्यमियों की समस्याओं का समाधान शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। समस्याओं का त्वरित निस्तारण होने से जिले में औद्योगिक माहौल बेहतर होता है और प्रशासन के प्रति उद्यमियों का विश्वास भी मजबूत होता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि व्यापारियों एवं उद्यमियों की ओर से उठाई गई समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनका प्रभावी समाधान कराया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि उद्यमी अपनी समस्याओं से किसी भी समय कार्यालय अथवा दूरभाष के माध्यम से प्रशासन को अवगत करा सकते हैं।
निवेश मित्र पोर्टल के लंबित आवेदनों की समीक्षा
डीएम ने निवेश मित्र पोर्टल पर लंबित आवेदनों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से आवेदनों के निस्तारण में हो रही देरी के कारणों की जानकारी ली और सभी लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निवेश से जुड़े मामलों में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए, जिससे जिले में नए उद्योगों की स्थापना और औद्योगिक निवेश को प्रोत्साहन मिल सके।
युवा उद्यमी और स्वरोजगार योजनाओं पर जोर
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी योगानंद पांडेय ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना एवं मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के लंबित आवेदनों की बैंकवार समीक्षा की। उन्होंने संबंधित बैंकों एवं अधिकारियों को लंबित आवेदनों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ समय से मिल सके।
इसके अलावा बैठक में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना और एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) सहित विभिन्न रोजगारपरक एवं औद्योगिक योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। एडीएम (न्यायिक) ब्रजपाल सिंह ने पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन और जनपद में निवेश की वर्तमान स्थिति की जानकारी दी।
बैठक का संचालन प्रतिनिधि उपायुक्त उद्योग नीरज गुप्ता ने किया। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।



