पुलिस मित्र संगठन की जिला स्तरीय बैठक सम्पन्न — पुलिस एवं आमजन के बीच बेहतर समन्वय पर जोर

पुलिस मित्र संगठन की जिला स्तरीय बैठक सम्पन्न — पुलिस एवं आमजन के बीच बेहतर समन्वय पर जोर
ब्यूरो रिपोर्ट -सत्यनारायण सेन गुरला
भीलवाड़ा। पुलिस एवं आमजन के बीच बेहतर समन्वय, आपसी विश्वास तथा कानून-व्यवस्था से जुड़े विषयों पर सहयोग को मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस मित्र संगठन की जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए पुलिस और जनता के बीच एक प्रभावी सेतु के रूप में कार्य करने का संकल्प लिया।
बैठक में जिलाध्यक्ष जगपाल सिंह जी राणावत, हेमेन्द्र सिंह जी राणावत एडवोकेट, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष महेंद्र जी सिंघवी, नरपत सिंह जी, प्रदेश विधि प्रकोष्ठ से मुकेश शर्मा एडवोकेट, गोटू सिंह मंगलपुरा, युवा प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष विकास सेन पांसल, युवा प्रकोष्ठ प्रभारी अजय जागेटिया एवं प्रदेश सचिव विवेक निमावत सहित संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक को संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष दादा चौधरी ने वीडियो कॉल के माध्यम से संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पुलिस और पब्लिक के बीच आपसी विश्वास एवं संवाद लोकतांत्रिक व्यवस्था और सुरक्षित समाज के लिए अत्यंत आवश्यक है। पुलिस मित्र संगठन का उद्देश्य आमजन की समस्याओं को समझना, उन्हें उचित मंच तक पहुंचाना तथा पुलिस एवं जनता के बीच सकारात्मक समन्वय स्थापित करना है।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि अपराध की रोकथाम केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि आमजन की जागरूकता और सहयोग भी इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यदि जनता और पुलिस के बीच निरंतर संवाद बना रहे तो संदिग्ध गतिविधियों, सामाजिक समस्याओं तथा कानून-व्यवस्था से संबंधित मामलों की जानकारी समय पर पुलिस तक पहुंचाई जा सकती है।
इस दौरान महिला सुरक्षा, युवा वर्ग को जागरूक करने, साइबर अपराधों से बचाव, यातायात नियमों की पालना, नशे के विरुद्ध जागरूकता तथा आमजन की शिकायतों के उचित समाधान जैसे विषयों पर भी चर्चा की गई। संगठन के पदाधिकारियों ने पुलिस प्रशासन के साथ सकारात्मक सहयोग करते हुए समाज में कानून के प्रति सम्मान एवं जागरूकता बढ़ाने की बात कही।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि पुलिस मित्र संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों में आमजन के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखेंगे तथा पुलिस एवं जनता के बीच संवाद को मजबूत करने के लिए आवश्यक प्रयास करेंगे।
अंत में उपस्थित पदाधिकारियों ने पुलिस एवं पब्लिक के बीच विश्वास, सहयोग और समन्वय को और मजबूत बनाने तथा शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।





