रायबरेली में राना बेनी माधव सिंह स्मारक का भव्य लोकार्पण, अमर शहीद लाल चंद स्वर्णकार व वीरा पासी की प्रतिमा लगाने के निर्देश

रायबरेली में राना बेनी माधव सिंह स्मारक का भव्य लोकार्पण, अमर शहीद लाल चंद स्वर्णकार व वीरा पासी की प्रतिमा लगाने के निर्देश
रायबरेली। स्वतंत्रता संग्राम की गौरवशाली विरासत को संरक्षित करने एवं अमर शहीदों के बलिदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की दिशा में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा रायबरेली को बड़ी सौगात दी गई है। मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी ने राना बेनी माधव सिंह स्मारक का लोकार्पण करते हुए देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीद लाल चंद स्वर्णकार एवं शहीद वीरा पासी की प्रतिमाएं स्मारक परिसर में स्थापित किए जाने के निर्देश पर्यटन विभाग को दिए।
मुख्यमंत्री जी ने रायबरेली को “कलम और कृपाण की धरती” बताते हुए कहा कि इस जनपद का स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। प्रदेश सरकार स्वतंत्रता सेनानियों और उनके बलिदान को सम्मान देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार द्वारा पहली बार स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए लगभग 50 करोड़ रुपये की विकास योजनाएं रायबरेली को समर्पित की गई हैं।
मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी ने नेहरू नगर रेलवे क्रासिंग स्थित राना बेनी माधव सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके उपरांत फिरोज गांधी कॉलेज में आयोजित सभा में मुख्यमंत्री ने लगभग 50 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी एवं आमजन उपस्थित रहे।
राना बेनी माधव सिंह स्मारक के लोकार्पण अवसर पर सेवारत स्वर्णकार संस्थान, रायबरेली सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों ने अमर शहीद लाल चंद स्वर्णकार के शहीद स्थल मन्हेरु के विकास एवं उसे पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किए जाने की मांग को लेकर प्रदेश सरकार के संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री श्री जयवीर सिंह को मांगपत्र सौंपा। मांगपत्र में मन्हेरु शहीद स्थल के सौंदर्यीकरण, विकास तथा स्वतंत्रता संग्राम से जुड़ी ऐतिहासिक स्मृतियों को संरक्षित कर उसे पर्यटन मानचित्र से जोड़ने की मांग की गई।
पर्यटन मंत्री श्री जयवीर सिंह ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जी द्वारा राना बेनी माधव सिंह स्मारक में अमर शहीद लाल चंद स्वर्णकार एवं शहीद वीरा पासी की प्रतिमा स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग द्वारा दिसंबर तक दोनों प्रतिमाएं स्थापित कराने की कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही अमर शहीद लाल चंद स्वर्णकार के शहीद स्थल मन्हेरु के विकास एवं सौंदर्यीकरण की दिशा में भी आवश्यक कार्य कराया जाएगा।
इस निर्णय से स्वर्णकार समाज में विशेष उत्साह है। सेवारत स्वर्णकार संस्थान के अध्यक्ष श्री गोविन्द सोनी, उपाध्यक्ष श्री रजत कुमार सोनी, महासचिव श्री प्रमोद कुमार वर्मा, संरक्षक श्री भौमेष कुमार स्वर्णकार, डॉ. सियाराम वर्मा, श्री पारसनाथ, श्री पुरुषोत्तम, श्री संतोष कुमार सोनी सहित अनेक प्रमुख समाजबंधुओं ने प्रदेश सरकार के इस निर्णय का स्वागत किया।
वहीं स्वर्णकार संघ के जिला अध्यक्ष श्री शिव नारायण सोनी के नेतृत्व में करीब एक दर्जन समाजसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भी शहीद स्थल मन्हेरु को विकसित करने की मांग को प्रमुखता से उठाया। प्रतिनिधियों ने कहा कि अमर शहीद लाल चंद स्वर्णकार जैसे महान स्वतंत्रता सेनानी का इतिहास और उनका बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। मन्हेरु शहीद स्थल को विकसित कर पर्यटन से जोड़ने से उनके योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी।
कार्यक्रम में रायबरेली के प्रभारी मंत्री श्री राकेश सचान, खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री श्री मनोज पाण्डेय, उद्यान मंत्री श्री दिनेश प्रताप सिंह, सदर विधायक श्रीमती अदिति सिंह, सलोन विधायक श्री अशोक कोरी, राना बेनी माधव सिंह स्मारक समिति के अध्यक्ष श्री राघवेन्द्र प्रताप सिंह, पूर्व विधायक श्री इन्देश विक्रम सिंह तथा पूर्व एमएलसी राजा राकेश प्रताप सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने मुख्यमंत्री जी का स्वागत किया।
रायबरेली में राना बेनी माधव सिंह स्मारक के लोकार्पण तथा अमर शहीद लाल चंद स्वर्णकार एवं शहीद वीरा पासी की प्रतिमा स्थापित किए जाने के निर्णय को जिले के लोगों ने ऐतिहासिक पहल बताया है। लोगों का कहना है कि इससे रायबरेली के गौरवशाली स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास को नई पहचान मिलेगी और युवा पीढ़ी को देशभक्ति एवं राष्ट्रसेवा की प्रेरणा प्राप्त होगी।
सेवारत स्वर्णकार संस्थान, रायबरेली ने इस ऐतिहासिक एवं सराहनीय पहल के लिए मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी एवं उत्तर प्रदेश सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अमर शहीद लाल चंद स्वर्णकार की स्मृति को सम्मान मिलना पूरे स्वर्णकार समाज के लिए गौरव का विषय है। संस्थान ने विश्वास व्यक्त किया कि मन्हेरु शहीद स्थल के विकास एवं पर्यटन से जुड़ने के बाद अमर शहीद लाल चंद स्वर्णकार के बलिदान की गाथा देश-दुनिया तक पहुंचेगी।



