तेज रफ्तार फोर व्हीलर ने ऑटो में मारी जोरदार टक्कर, महिला की मौत; पति समेत तीन घायल

तेज रफ्तार फोर व्हीलर ने ऑटो में मारी जोरदार टक्कर, महिला की मौत; पति समेत तीन घायल
रसूलपुर के पास हादसे से मची चीख-पुकार, ग्रामीणों ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन पुलिस को सौंपा; कार से शराब बरामद
ब्यूरो रिपोर्टर तुषार शुक्ला
मोहम्मदी, खीरी। मोहम्मदी कोतवाली क्षेत्र के रसूलपुर गांव के पास तेज रफ्तार फोर व्हीलर ने पीछे से सवारियों से भरे ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो सवार एक महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि उसके पति समेत तीन लोग घायल हो गए। गंभीर हालत में एक महिला को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, रसूलपुर निवासी एक ही परिवार के चार लोग ऑटो से पूरनपुर रिश्तेदारी में जा रहे थे। गांव से करीब एक किलोमीटर आगे ईदगाह के पास पहुंचते ही पीछे से तेज रफ्तार में आए फोर व्हीलर ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो सवार चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और दुर्घटना करने वाले वाहन को पकड़ लिया। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। समाजसेवी शिवम राठौर की मदद से मां जानकी एंबुलेंस के जरिए घायलों को उपचार के लिए मोहम्मदी सीएचसी पहुंचाया गया।
सीएचसी में चिकित्सकों ने घायलों का उपचार शुरू किया, लेकिन गंभीर रूप से घायल पिंकी शाह की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं एक अन्य महिला की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। दो पुरुषों का उपचार जारी है।
पिंकी शाह की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। कुछ देर पहले तक रिश्तेदारी में जाने के लिए घर से निकला परिवार हादसे के बाद गम में डूब गया। अस्पताल परिसर में परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।
हादसे के बाद ग्रामीणों ने दुर्घटना करने वाले फोर व्हीलर को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। बताया जा रहा है कि पुलिस के पहुंचने से पहले चालक मौके से फरार हो गया। वहीं दुर्घटनाग्रस्त कार से शराब बरामद होने की बात सामने आई है। हालांकि चालक हादसे के समय शराब के नशे में था या नहीं, इसकी पुष्टि पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है। हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है।





