#SvasJsNewsउत्तर प्रदेशदेशब्रेकिंग न्यूज़रायबरेली

03 अगस्त से 26 सितंबर तक जनपद के सभी विकास खंडों में दिव्यांग बच्चों के लिए मेडिकल एसेसमेंट कैंप होंगे आयोजित

03 अगस्त से 26 सितंबर तक जनपद के सभी विकास खंडों में दिव्यांग बच्चों के लिए मेडिकल एसेसमेंट कैंप होंगे आयोजित

_रायबरेलीः- 28 जुलाई 2026
          जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह ने बताया है कि समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत विशिष्ट आवश्यकता वाले (दिव्यांग) बच्चों की दिव्यांगता का आकलन कर उन्हें दिव्यांगता प्रमाण-पत्र एवं यूडीआईडी कार्ड उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जनपद के सभी विकास खंडों में 03 अगस्त 2026 से 26 सितंबर 2026 तक मेडिकल एसेसमेंट कैंप आयोजित किए जाएंगे।
          इन शिविरों का आयोजन ब्लॉक रिसोर्स सेंटर (बीआरसी) पर निर्धारित तिथियों के अनुसार किया जाएगा। प्रत्येक मेडिकल बोर्ड में आर्थाेपेडिक सर्जन, ईएनटी सर्जन, नेत्र विशेषज्ञ, साइकोलॉजिस्ट/साइकियाट्रिशियन तथा ऑडियोलॉजिस्ट शामिल रहेंगे, जो बच्चों का परीक्षण कर दिव्यांगता प्रमाण-पत्र जारी करने की प्रक्रिया सुनिश्चित करेंगे।
          कैंपों में परिषदीय, सहायता प्राप्त विद्यालयों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों के विशिष्ट आवश्यकता वाले बच्चों की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही ऐसे बच्चों को भी चिन्हित किया जाएगा जिन्हें सहायक उपकरण, कृत्रिम अंग अथवा करेक्टिव सर्जरी की आवश्यकता है। जापानी इंसेफेलाइटिस (जेई) एवं एक्यूट इंसेफलाइटिस सिंड्रोम (एईएस) से प्रभावित बच्चों का भी परीक्षण कराया जाएगा।
          जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने समस्त खंड शिक्षा अधिकारियों, स्पेशल एजुकेटर्स, विशेष शिक्षकों (सीडब्ल्यूएसएन) तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि कैंपों का व्यापक प्रचार-प्रसार करें, पात्र बच्चों का चिन्हांकन कर उनकी उपस्थिति सुनिश्चित कराएं तथा मेडिकल बोर्ड द्वारा जारी दिव्यांगता प्रमाण-पत्र के आधार पर यूडीआईडी कार्ड बनवाकर उसका विवरण प्रेरणा पोर्टल पर अपडेट कराएं। कैंप के आयोजन के उपरांत जियोटैग फोटोग्राफ आदि निर्धारित प्रारूप में आख्या कार्यालय को उपलब्ध कराना भी अनिवार्य होगा।
          जनपद के सभी 18 विकास खंडों व नगर क्षेत्र में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मेडिकल एसेसमेंट कैंप आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया है कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विकास खण्ड अमावां में 03 अगस्त 2026 को मेडिकल कैम्प का आयोजन किया जायेगा।
          इसी प्रकार 05 अगस्त को विकास खण्ड बछरावां में, 08 अगस्त वि0ख0 छतोह में, 10 अगस्त वि0ख0 डलमऊ, 12 अगस्त वि0ख0 डीह, 17 अगस्त वि0ख0 दीनशाहगौरा, 19 अगस्त वि0ख0 हरचन्दपुर, 22 अगस्त वि0ख0 जगतपुर, 25 अगस्त वि0ख0 खीरों, 28 अगस्त वि0ख0 लालगंज, 29 अगस्त वि0ख0 महराजगंज, 05 सितम्बर नगर क्षेत्र, 09 सितम्बर वि0ख राही, 12 सितम्बर वि0ख रोहनियां, 15 सितम्बर वि0ख सलोन, 19 सितम्बर वि0ख सरेनी, 21 सितम्बर वि0ख सतांव, 24 सितम्बर वि0ख शिवगढ़, 26 सितम्बर वि0ख ऊँचाहार में मेडिकल कैम्प का आयोजन किया जायेगा।

Related Articles

Back to top button