एनकार्ड की बैठक सम्पन्न, प्रवर्तन अभियान जारी रखने के निर्देश

एनकार्ड की बैठक सम्पन्न, प्रवर्तन अभियान जारी रखने के निर्देश
रायबरेलीः- 28 जुलाई 2026
जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका के निर्देशानुसार अपर जिलाधिकारी (वि0रा0) सहदेव मिश्र की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में एनकार्ड की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में नशीली दवाओं, अवैध शराब निर्माण की रोकथाम के लिए अब तक हुई कार्यवाही की विस्तार से समीक्षा की गई और आगामी रणनीति पर चर्चा की गई।
अपर जिलाधिकारी द्वारा इस सम्बन्ध में त्रिस्तरीय कार्ययोजना तैयार कर कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया जिसमें प्रथम स्तर पर जागरूकता एवं सतर्कता हेतु आबकारी विभाग, पुलिस विभाग, समाज कल्याण विभाग एवं महिला शासक्तिकरण विभाग द्वारा आपसी समन्वय से तहसील/ब्लाक / ग्राम पंचायत स्तर पर विद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर बैनर लगवाकर नुक्कड़ नाटक या अन्य कार्यक्रम आयोजित कर नशे से होने वाली हानियों और कानूनी प्राविधानों आदि के सम्बन्ध में जागरूकता एवं सतर्कता का प्रचार-प्रसार किया जाए। द्वितीय स्तर में आबकारी पुलिस तथा ड्रग इन्सपेक्टर के समन्वय से प्रभावी प्रवर्तन कार्य किया जाये। तृतीय स्तर में जिला चिकित्सालय में तथा समाज कल्याण विभाग के अन्तर्गत आने वाले विभिन्न केन्द्रों में काउन्सिलिंग तथा पुनर्वास की व्यवस्था की जाए उन्होंने कहा कि नशा मुक्ति अभियान को प्रभावी बनाते हुए विद्यार्थियों एवं युवाओं को जागरूक किया जाए, ताकि समाज में नशे की प्रवृत्ति पर अंकुश लगाया जा सके।
जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि जनपद में अवैध कच्ची शराब के निर्माण करने वालों पर लगातार प्रवर्तन की कार्यवाही की जा रही है।
बैठक में जिला आबकारी अधिकारी दिनेश कुमार, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी अरविन्द कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह, ड्रग इंस्पेक्टर अरविन्द कुमार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



