कारगिल विजय दिवस पर शहीदों को दी श्रद्धांजलि

कारगिल विजय दिवस पर शहीदों को दी श्रद्धांजलि
रायबरेली। न्यू स्टैंडर्ड पब्लिक स्कूल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, त्रिपुला में कारगिल विजय दिवस देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को पुष्पांजलि एवं श्रद्धांजलि अर्पित कर किया गया। तत्पश्चात् विद्यार्थियों ने तिरंगा यात्रा निकाली तथा शहीदों के सम्मान में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें नमन किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत कारगिल युद्ध की वीरगाथा पर आधारित लघु नाटिका में इप्शिता ने कथावाचक (Narrator) की भूमिका निभाई, जबकि हार्दिक और आर्यन ने भारतीय सैनिकों का जीवंत अभिनय कर दर्शकों को भावुक किया और अभिजीत एवं शौर्य ने छात्रों की भूमिका निभाते हुए देशभक्ति का संदेश दिया।
इस अवसर पर हिरण्य, इशिता और माही ने अंग्रेजी में कारगिल विजय दिवस पर प्रेरणादायी कविता प्रस्तुत की, जबकि श्रेष्ठ ने हिंदी कविता के माध्यम से शहीदों के अदम्य साहस, बलिदान और राष्ट्र प्रेम को भावपूर्ण ढंग से अभिव्यक्त किया।
उप-प्रधानाचार्य फैजान खान ने बताया कि कारगिल विजय दिवस केवल एक स्मृति दिवस नहीं, बल्कि उन वीर सैनिकों के अद्वितीय साहस, त्याग और राष्ट्रभक्ति को नमन करने का अवसर है, जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दे दी। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और देशप्रेम की भावना को अपने जीवन का आधार बनाने तथा देश के प्रति अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर शिवकरन पाल, संचिता त्रिवेदी, प्रशांत पांडेय, शुभी सिंह, शाहीन खान, अजय सिंह, अनुपमा, प्रभाकर एवं गिरीश श्रीवास्तव सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे।



