जनता ने खोला मोर्चा,एसडीएम चालक हटाया गया, शिकायतकर्ताओं ने जताई सुरक्षा की चिंता; निष्पक्ष जांच की उठी मांग
ब्यूरो रिपोर्ट पीलीभीत

शिकायतों के बाद एसडीएम चालक हटाया गया, अब कई और शिकायतें मुख्यमंत्री पोर्टल तक पहुँचीं
जनता ने खोला मोर्चा, शिकायतकर्ताओं ने जताई सुरक्षा की चिंता; निष्पक्ष जांच की उठी मांग
पूरनपुर (पीलीभीत)। पूरनपुर तहसील में तैनात एसडीएम कार्यालय के वाहन चालक को शिकायतों के बाद हटाए जाने का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर दर्ज शिकायतों और सोशल मीडिया पर उठे सवालों के बीच प्रशासन द्वारा चालक को हटाए जाने के बाद अब अन्य लोगों ने भी मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराते हुए मामले की निष्पक्ष जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि संबंधित चालक के विरुद्ध अवैध उगाही, तहसील के कार्यों में हस्तक्षेप तथा अन्य अनियमितताओं से जुड़े गंभीर आरोप पहले भी उठते रहे हैं। प्रशासन द्वारा चालक को हटाए जाने के बावजूद अब कई लोग खुलकर सामने आ रहे हैं और पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच की मांग कर रहे हैं।

इस बीच एक शिकायतकर्ता ने मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने के बाद अपनी जान-माल की सुरक्षा को लेकर भी आशंका व्यक्त की है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि संबंधित चालक के कथित रूप से कुछ माफिया प्रवृत्ति के व्यक्तियों एवं अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों से संपर्क हैं। शिकायतकर्ता ने आशंका जताई है कि शिकायत करने के कारण उसके साथ भविष्य में किसी प्रकार की अप्रिय घटना हो सकती है। उसने कहा है कि यदि उसके साथ कोई अनहोनी होती है, तो उसके लिए संबंधित चालक तथा प्रशासनिक अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाए।
हालांकि, इन सभी आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और न ही इस संबंध में सक्षम जांच एजेंसी द्वारा कोई अंतिम निष्कर्ष जारी किया गया है। प्रशासन की ओर से फिलहाल शिकायतों के आधार पर संबंधित चालक को हटाने की कार्रवाई की गई है। SvasJsNews निष्पक्ष पत्रकारिता के सिद्धांतों का पालन करते हुए स्पष्ट करता है कि इस समाचार में उल्लिखित सभी गंभीर आरोप शिकायतकर्ताओं के दावों पर आधारित हैं। आरोपों की सत्यता का अंतिम निर्धारण सक्षम प्राधिकारी की जांच एवं आधिकारिक निष्कर्ष के बाद ही माना जाएगा।



