#SvasJsNewsउत्तर प्रदेशदेशब्रेकिंग न्यूज़रायबरेली

अधिवक्ताओं का प्रदर्शन, दिल्ली पुलिस आयुक्त को हटाने की उठाई मांग

जंतर-मंतर छात्र प्रदर्शन पर कथित पुलिस कार्रवाई के विरोध में अधिवक्ताओं का प्रदर्शन, दिल्ली पुलिस आयुक्त को हटाने की उठाई मांग

रायबरेली, 24 जुलाई 2026

दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के आंदोलन के दौरान हुई कथित पुलिस कार्रवाई के विरोध में शुक्रवार को डॉ. भीमराव अंबेडकर एडवोकेट्स लीगल एसोसिएशन, सिविल कोर्ट रायबरेली के बैनर तले अधिवक्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। सिविल कोर्ट से कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च निकालते हुए अधिवक्ताओं ने महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से प्रेषित किया, जिसे सिटी मजिस्ट्रेट राम औतार ने प्राप्त किया।

ज्ञापन में अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण एवं संवैधानिक तरीके से आमरण अनशन कर रहे छात्रों के साथ दिल्ली पुलिस ने बल प्रयोग किया, जिससे उनके मौलिक अधिकारों का गंभीर उल्लंघन हुआ। अधिवक्ताओं ने इस कथित कार्रवाई को लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रतिकूल बताते हुए इसकी उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच की मांग की।

एसोसिएशन ने ज्ञापन में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफा लेने की मांग के साथ-साथ यह भी मांग की कि प्रदर्शन के दौरान कथित रूप से बल प्रयोग के लिए जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों एवं अन्य संबंधित व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। अधिवक्ताओं ने दिल्ली पुलिस आयुक्त की भूमिका की जवाबदेही तय करते हुए उन्हें पद से हटाए जाने की भी मांग उठाई।

ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि यदि आंदोलन के दौरान छात्रों की मृत्यु अथवा गंभीर चोट की घटनाएं हुई हैं, तो उनकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों को दंडित किया जाए, मृतकों के परिजनों को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता तथा घायल छात्रों को समुचित उपचार के साथ पांच-पांच लाख रुपये का मुआवजा प्रदान किया जाए।

प्रदर्शन में एसोसिएशन के अध्यक्ष अवधेश आर्या, संरक्षक ओम प्रकाश वर्मा, पूर्व डीजीसी ओ.पी. यादव, शिव नारायण मौर्य, गीता वर्मा, रीना रावत, धर्मेंद्र कुमार, नवरंग कुमार, शहाना खान, विनय शर्मा, महेंद्र मौर्य सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button