नीट-2026 के सफल विद्यार्थियों का एनएसपीएस त्रिपुला में हुआ सम्मान

नीट-2026 के सफल विद्यार्थियों का एनएसपीएस त्रिपुला में हुआ सम्मान
रायबरेली। न्यू स्टैंडर्ड पब्लिक स्कूल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, त्रिपुला में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान नीट-2026 में उत्कृष्ट सफलता हासिल करने वाले छात्र-छात्राओं तैय्यबा कय्यूम एवं सुखप्रीत सिंह तथा उनके अभिभावकों को संस्थापक-प्रबंधक डॉ. शशिकांत शर्मा ने सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
संस्थापक-प्रबंधक डॉ. शशिकांत शर्मा ने बताया कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। निरंतर परिश्रम, अनुशासन, आत्मविश्वास और सही मार्गदर्शन ही बड़ी उपलब्धियों की कुंजी हैं। विद्यालय का उद्देश्य केवल परीक्षा में अच्छे अंक दिलाना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास करना है। उन्होंने सभी छात्रों से इन सफल विद्यार्थियों से प्रेरणा लेकर अपने लक्ष्य के प्रति पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
तैय्यबा और सुखप्रीत के अभिभावकों ने विद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय के शिक्षकों के निरंतर मार्गदर्शन, सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण और परिवार के सहयोग ने बच्चों को इस सफलता तक पहुंचाया। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों पर अनावश्यक दबाव बनाने के बजाय उनका मनोबल बढ़ाने और उन पर विश्वास बनाए रखने की अपील की।
इस अवसर पर तैय्यबा कय्यूम एवं सुखप्रीत सिंह ने भी अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि सफलता का आधार नियमित अध्ययन, समय का सही प्रबंधन, आत्मविश्वास और निरंतर अभ्यास है। उन्होंने अन्य विद्यार्थियों से मोबाइल और सोशल मीडिया पर अनावश्यक समय व्यतीत करने से बचने, शिक्षकों के मार्गदर्शन का पालन करने तथा असफलताओं से निराश न होकर उन्हें सीख के रूप में स्वीकार करते हुए लगातार मेहनत करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में प्रधानाचार्या शर्मिला दास गुप्ता, शिवलखन प्रजापति, फैजान खान, शिवकरन पाल, संचिता त्रिवेदी, प्रशांत पांडेय, शुभी सिंह, शाहीन खान, अजय सिंह, गिरीश श्रीवास्तव सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे।



