चतुर्थ प्रजापति मेधावी छात्र सम्मान समारोह में 100 से अधिक प्रतिभाओं का हुआ सम्मान

चतुर्थ प्रजापति मेधावी छात्र सम्मान समारोह में 100 से अधिक प्रतिभाओं का हुआ सम्मान
रायबरेली। प्रजापति फाउंडेशन, रायबरेली द्वारा आयोजित चतुर्थ प्रजापति मेधावी छात्र सम्मान समारोह-2026 का आयोजन 28 जून 2026 को होटल शांति ग्रैंड, रायबरेली में गरिमामय एवं भव्य वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व महामंत्री, प्रजापति महासभा रायबरेली श्री रामखेलावन प्रजापति ने की, जबकि मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त एडीएम प्रशासन श्री राजित राम प्रजापति रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रजापति समाज के पुरोधाओं संतराम बी.ए., डॉ. रत्नप्पा कुम्भार, अमर शहीद रामचंद्र प्रजापति एवं जनपद रायबरेली के संगठन महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।
समारोह में 100 से अधिक मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में 107वीं रैंक प्राप्त आईएएस श्री विमल प्रजापति का विशेष सम्मान प्रजापति फाउंडेशन के अध्यक्ष अवधेश कुमार प्रजापति एवं उपाध्यक्ष अनिल प्रजापति एडवोकेट द्वारा माला, पगड़ी एवं अंगवस्त्र पहनाकर किया गया। वहीं रोहित, आशीष एवं वीरेंद्र ने उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। अपने प्रेरणादायी संबोधन में श्री विमल प्रजापति ने विद्यार्थियों से कठिन परिस्थितियों में भी दृढ़ संकल्प, निरंतर परिश्रम और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए कहा कि सफलता मेहनत और धैर्य का परिणाम होती है। उन्होंने इस सम्मान को विद्यार्थियों के साथ-साथ उनके अभिभावकों, गुरुजनों एवं समाज के संस्कारों का सम्मान बताया।
कार्यक्रम में श्रावस्ती के अपर जिला जज श्री अमित कुमार प्रजापति का भी अनिल प्रजापति एडवोकेट द्वारा अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को ईमानदारी, अनुशासन, मेहनत एवं लगन के साथ अध्ययन करने तथा जीवन में उच्च आदर्शों को अपनाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक, एटा श्री इंद्रजीत प्रजापति ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि वे निरंतर अध्ययन करें, अपने माता-पिता, गुरुजनों एवं समाज का नाम रोशन करें तथा राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँ। समारोह में उपस्थित सम्मानित संरक्षकों, अतिथियों एवं समाज के वरिष्ठजनों ने भी अपने प्रेरणादायी विचार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
कार्यक्रम का सफल संचालन भगवानदीन प्रजापति ने किया। समारोह में संरक्षक राधेश्याम प्रजापति, जय चक्रवर्ती, गंगा सेवक, अमित प्रजापति, जयराम, बालादीन प्रजापति, राम लखन प्रजापति, चंद्रिका प्रजापति एडवोकेट, शिव बालक, रामखेलावन, रोहित, वीरेंद्र, आशीष, ममता चक्रवर्ती, बृजेश प्रजापति, हरिपाल, नीरज, राहुल सहित समाज के सैकड़ों गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



