सदर बाजार पुलिस के साथ मुठभेड़ में मोबाइल लुटेरा गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

सदर बाजार पुलिस के साथ मुठभेड़ में मोबाइल लुटेरा गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
न्यू आवास विकास तिराहे के पास बदमाश ने पुलिस टीम पर की थी फायरिंग
कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, अवैध तमंचा और कारतूस बरामद
गिरफ्तार शातिर अपराधी पर दर्ज हैं लूट और आर्म्स एक्ट के करीब 9 मुकदमे
विशेष रिपोर्ट -मो कलीम अंसारी
सहारनपुर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे धरपकड़ अभियान के तहत थाना सदर बाजार पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने न्यू आवास विकास तिराहे के पास हुई एक मुठभेड़ के बाद लूट के मुकदमे में फरार चल रहे एक शातिर वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। बदमाश ने घेराबंदी के दौरान पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग भी की थी। गिरफ्तार अभियुक्त के पास से वारदात में इस्तेमाल की गई यामाहा मोटरसाइकिल, एक अवैध देसी तमंचा, एक जिंदा और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ है।
बीती 21 जनवरी 2026 को मोल्हू की कोठी (आईटीसी लोडिंग गेट) के पास दो अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने हिमांशू यादव नामक युवक से उसका मोबाइल छीन लिया था। इस संबंध में पीड़ित की तहरीर पर थाना सदर बाजार में मु0अ0सं0 44/26 धारा 304 (बीएनएस) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। एसएसपी के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक चन्द्रसैन सैनी के नेतृत्व में पुलिस टीमें लगातार इन लुटेरों की तलाश में जुटी हुई थीं।
शुक्रवार को उप-निरीक्षक योगेंद्र सिंह को मुखबिर से सूचना मिली कि उक्त लूट का वांछित अपराधी किसी नई वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दिल्ली रोड स्थित छिदवाना कट पर सघन चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति यामाहा मोटरसाइकिल पर आता दिखाई दिया। पुलिस ने जब उसे रुकने का इशारा किया, तो वह रुकने के बजाय तेजी से मोटरसाइकिल मोड़कर न्यू आवास विकास की तरफ भागने लगा।
पुलिस टीम ने तत्काल उसका पीछा किया। हड़बड़ाहट के कारण न्यू आवास विकास तिराहे के पास बदमाश की मोटरसाइकिल फिसल कर गिर गई। खुद को घिरा देख बदमाश ने झाड़ियों की आड़ लेकर पुलिस टीम पर सीधी फायरिंग कर दी। पुलिस टीम ने पूरी बहादुरी से अपना बचाव करते हुए घेराबंदी की और आवश्यक बल प्रयोग कर बदमाश को दबोच लिया।
पकड़े गए अभियुक्त की पहचान शाह नजर उर्फ भोलू उर्फ शोएब (पुत्र शेर मोहम्मद), निवासी मोहल्ला सराय हिसामुद्दीन शाह नूरजी, थाना कुतुबशेर (सहारनपुर) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी एक शातिर किस्म का अपराधी है, जिसके खिलाफ थाना कुतुबशेर, मंडी और सदर बाजार में लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट के करीब 9 गंभीर मामले दर्ज हैं।
इस मुठभेड़ और बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मु0अ0सं0 321/2026 धारा 109(1) बीएनएस व 3/25/27 आयुध अधिनियम के तहत एक और नया मामला दर्ज किया है। पुलिस विधिक कार्यवाही पूरी कर आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर रही है।
इस कामयाबी को अंजाम देने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक चन्द्रसैन सैनी, उप-निरीक्षक योगेन्द्र सिंह, उप-निरीक्षक सुरेन्द्र शर्मा, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार, हेड कांस्टेबल नितिन तोमर और कांस्टेबल सोनू शामिल रहे।



