#SvasJsNewsउत्तर प्रदेशदेशब्रेकिंग न्यूज़रायबरेली

डीएम की अध्यक्षता में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान की बैठक सम्पन्न

डीएम की अध्यक्षता में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान की बैठक सम्पन्न

डीएम ने संचारी रोगों की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए पूरी तैयारी समयबद्ध ढंग से किए जाने के निर्देश दिए

रायबरेलीः- 22 जून 2026
          जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में 01 से 31 जुलाई 2026 तक चलने वाले विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा 11 से 31 जुलाई 2026 के मध्य दस्तक अभियान को लेकर जनपद स्तरीय अन्तर्विभागीय टास्क फोर्स की बैठक कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
          बैठक में जिलाधिकारी ने संचारी रोगों की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए पूरी तैयारी समयबद्ध ढंग से किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संचारी व विषाणु जनित रोगों के दृष्टिगत किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया, डायरिया आदि संचारी रोगों से जुडे़ मामलों की आशंका को देखते हुए जनपद में अन्तर्विभागीय समन्वय से युद्धस्तर पर अभियान को आगे बढ़ाया जाए।
          जिलाधिकारी ने कहा कि विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान जनपद में 01 से 31 जुलाई 2026 तक संचालित किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बारिश से पहले संचारी रोग नियंत्रण के संबंध में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर लें। उन्होंने कहा कि जनपद में दोनों अभियानों को सफल बनाने हेतु ब्लाक स्तर पर बैठक आयोजित कर ली जाये। बैठक में सम्बन्धित विभागों से समन्वय कर एक माइक्रो प्लान तैयार कर लिया जाये। उन्होंने कहा कि जितना अच्छा माइक्रोप्लान तैयार किया जाएगा, उतना ही बेहतर कार्य होगा। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में वेक्टर जनित रोगों की संभावना अधिक रहती है, जिसको ध्यान में रखते हुए माइक्रो प्लान तैयार किया जाये।
          जिलाधिकारी ने कहा कि इस अभियान के अंतर्गत तालाबों, नालों व नालियों में एण्टी लार्वा का छिड़काव तथा कूड़े का निस्तारण उचित ठीक ढंग से कराया जाए। अभियान में निगरानी समितियां डोर-टू-डोर सर्वे करेंगी और यदि कोई बच्चा बुखार आदि से ग्रसित होगा, तो उसे मेडिसिन किट उपलब्ध कराएंगी साथ ही महिलाओं तथा कुपोषित बच्चों को पुष्टाहार उपलब्ध कराया जाएगा।
          उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत व निकायों द्वारा स्वच्छता, सैनिटाइजेशन, फॉगिंग व शुद्ध पेयजल के लिए कार्य किया जाएगा। ग्रामीण स्तर पर संचारी रोगों के नियंत्रण हेतु तालाबों/नालों व नालियों की साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम के लिए समय समय पर टीकाकरण अभियान चलाया जाए। उन्होंने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिये कि जनपद में जलभराव व साफ सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा नालियों की साफ सफाई के साथ फॉगिंग भी कराया जाए।
          बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ नवीन चंद्रा, उपायुक्त (श्रम रोजगार) प्रमोद सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी विनय सिंह, जिला उद्यान अधिकारी जयराम वर्मा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुरेन्द्र कुमार सहित सम्बन्धित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहें।

Related Articles

Back to top button