#SvasJsNewsउत्तर प्रदेशदेशब्रेकिंग न्यूज़रायबरेली

टीबी मरीजों और आमजन को अब मोबाइल ऐप पर मिलेगी हर जरूरी जानकारी

टीबी मरीजों और आमजन को अब मोबाइल ऐप पर मिलेगी हर जरूरी जानकारी

टीबी मुक्त भारत ऐप’ से मरीजों, नि:क्षय मित्रों और स्वयंसेवकों को मिलेगा एकीकृत डिजिटल मंच

रायबरेली, 22 जून 2026

राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम (एनटीईपी) के तहत टीबी मरीजों तक सहायता, जानकारी और सेवाएं आसानी से पहुंचाने के लिए ‘टीबी मुक्त भारत ऐप’ लॉन्च किया गया है। यह ऐप टीबी मरीजों, उनके परिजनों, नि:क्षय मित्रों, स्वयंसेवकों और आम नागरिकों को एक डिजिटल मंच पर जोड़ता है, जिससे टीबी उन्मूलन अभियान को और मजबूती मिलेगी। ऐप को गूगल प्ले स्टोर से आसानी से डाउनलोड किया जा सकता है।
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. अनुपम सिंह ने बताया कि यह ऐप टीबी रोगियों को समय पर दवा लेने, जांच, उपचार और फॉलोअप से जुड़ी जानकारी प्राप्त करने में मदद करेगा। साथ ही, टीबी के लक्षण, बचाव, पोषण, उपचार और आवश्यक सावधानियों से संबंधित विश्वसनीय जानकारी भी उपलब्ध कराएगा। मरीज ऐप के माध्यम से अपने उपचार की प्रगति पर नजर रख सकेंगे तथा आवश्यक मार्गदर्शन प्राप्त कर सकेंगे।
ऐप में “खुशी – आपकी ई-संगिनी” नामक एक इंटरैक्टिव चैटबॉट भी उपलब्ध है, जो उपयोगकर्ताओं के टीबी संबंधी सवालों के जवाब देने के साथ-साथ उन्हें आवश्यक सेवाओं और जानकारी तक पहुंच बनाने में सहायता करता है। यह चैटबॉट हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध है, जिससे अधिक से अधिक लोग अपनी सुविधा के अनुसार इसका उपयोग कर सकते हैं।
ऐप की एक महत्वपूर्ण विशेषता यह है कि इसमें नि:क्षय मित्र के रूप में पंजीकरण किया जा सकता है। इसके माध्यम से इच्छुक व्यक्ति टीबी मरीजों को गोद लेकर उन्हें पोषण सहायता एवं अन्य आवश्यक सहयोग प्रदान कर सकते हैं। पंजीकरण के बाद वे अपने योगदान का रिकॉर्ड भी देख सकते हैं और आवश्यकता के अनुसार सहायता का दायरा बढ़ा सकते हैं। इसके अतिरिक्त, स्वयंसेवक (वॉलंटियर) भी ऐप के माध्यम से पंजीकरण कर अपने आसपास के टीबी रोगियों की सहायता और देखभाल में सक्रिय भूमिका निभा सकते हैं।
जिला स्वास्थ्य शिक्षा एवं सूचना अधिकारी डी.एस.अस्थाना ने बताया कि यह ऐप जिला स्वास्थ्य टीमों, स्वयंसेवकों और कार्यक्रम से जुड़े अन्य कर्मियों के लिए भी उपयोगी है। इसके माध्यम से उपचार अनुपालन, सहायता किट वितरण तथा अन्य गतिविधियों की डिजिटल निगरानी संभव होगी, जिससे कार्यक्रम के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, जवाबदेही और बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जा सकेगा। टीबी मुक्त भारत ऐप लोगों को टीबी से संबंधित सही और विश्वसनीय जानकारी उपलब्ध कराने के साथ-साथ मरीजों को समय पर सहयोग दिलाने और विभिन्न हितधारकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का एक प्रभावी माध्यम बनेगा। जनभागीदारी और डिजिटल तकनीक के समन्वय से यह पहल टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। टीबी मुक्त भारत एप को गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है |
बॉक्स में
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नवीन चंद्रा ने कहा कि ‘टीबी मुक्त भारत ऐप’ मरीजों और समाज के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु का कार्य करेगा। इसके माध्यम से टीबी से जुड़ी जानकारी, परामर्श और सहायता सेवाएं लोगों तक आसानी से पहुंच सकेंगी। उन्होंने बताया कि यह ऐप जनसहभागिता को बढ़ावा देने के साथ-साथ टीबी उन्मूलन अभियान को गति प्रदान करेगा। उन्होंने सभी नागरिकों से ऐप का उपयोग करने और अभियान में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।

Related Articles

Back to top button