केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर अमावा में प्रबुद्ध जन संवाद कार्यक्रम आयोजित

केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर अमावा में प्रबुद्ध जन संवाद कार्यक्रम आयोजित
अमावा (रायबरेली)। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विकासखंड अमावा सभागार में प्रबुद्ध जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पत्रकारिता, वकालत, कृषि, सहकारिता, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े प्रबुद्ध जनों ने सहभागिता कर विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं पर चर्चा की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मुकेश श्रीवास्तव ने कहा कि केंद्र सरकार के 12 वर्षों में देश ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, आवास, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से आमजन के जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता आवश्यक है तथा प्रबुद्ध जनों को सरकार की योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचानी चाहिए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए खंड विकास अधिकारी अमावा संदीप सिंह ने विकासखंड स्तर पर संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, स्वच्छ भारत मिशन, स्वयं सहायता समूह, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, पेयजल, शिक्षा एवं स्वास्थ्य से जुड़ी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पारदर्शी ढंग से पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता और जागरूकता से ही विकास योजनाओं का वास्तविक लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सकता है।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष भाजपा मंजेश सिंह, विधायक प्रतिनिधि अमावा कमल सिंह बजाज, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी अंजू यादव तथा सहायक विकास अधिकारी (समाज कल्याण) अमन ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यक्रमों की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से वरिष्ठ उपचार पर्यवेक्षक करुणा शंकर मिश्र ने क्षय रोग (टीबी) के प्रति जागरूकता पर विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि समय पर जांच एवं नियमित उपचार से टीबी पूरी तरह ठीक हो सकती है। उन्होंने उपस्थित लोगों से टीबी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल जांच कराने तथा सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही निःशुल्क जांच एवं उपचार सुविधाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग से शाहबाज खान, धीरज एवं अनुराग दीक्षित सहित अन्य विभागीय अधिकारी, कर्मचारी एवं प्रबुद्धजन उपस्थित रहे। संवाद कार्यक्रम में स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, सहकारिता, युवा कल्याण, सामाजिक कल्याण एवं ग्रामीण विकास से जुड़े विषयों पर सार्थक चर्चा हुई। अंत में सभी उपस्थित लोगों ने विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।



