बालिका सशक्तिकरण अभियान 2026 के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक रायबरेली द्वारा छात्राओं को किया गया प्रेरित

बालिका सशक्तिकरण अभियान 2026 के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक रायबरेली द्वारा छात्राओं को किया गया प्रेरित
रायबरेली 02 जून 2026
मंगलवार को एनटीपीसी ऊँचाहार में आयोजित “बालिका सशक्तिकरण अभियान 2026 (गर्ल एंपावरमेंट मिशन 2026)” के अंतर्गत प्रेरणात्मक संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक रायबरेली रवि कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक द्वारा उपस्थित छात्राओं से संवाद स्थापित करते हुए उन्हें शिक्षा, आत्मविश्वास, अनुशासन एवं आत्मनिर्भरता के महत्व के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने बालिकाओं को अपने लक्ष्य निर्धारित कर दृढ़ संकल्प एवं परिश्रम के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया तथा जीवन में आने वाली चुनौतियों का साहसपूर्वक सामना करने का संदेश दिया।
पुलिस अधीक्षक ने छात्राओं को महिला सुरक्षा से संबंधित विभिन्न कानूनों, साइबर सुरक्षा, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112 एवं अन्य जनकल्याणकारी पुलिस सेवाओं के संबंध में भी जागरूक किया। उन्होंने कहा कि बालिकाएं समाज की शक्ति हैं और उनके सशक्त होने से ही राष्ट्र का समग्र विकास संभव है। यह कार्यक्रम बालिकाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं सामाजिक जागरूकता विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण एवं प्रेरणादायक सिद्ध हुआ।



