प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) की परीक्षा को सकुशल सम्पन्न कराने हेतु बैठक सम्पन्न

प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) की परीक्षा को सकुशल सम्पन्न कराने हेतु बैठक सम्पन्न
रायबरेलीः- 01 जून 2026
अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ व अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह की संयुक्त अध्यक्षता में उ०प्र० शिक्षा सेवा चयन आयोग प्रयागराज के द्वारा आयोजित प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) की परीक्षा को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने हेतु सेक्टर मजिस्ट्रेट/स्टैटिक मजिस्ट्रेट/केन्द्र व्यवस्थापकों के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई।
बैठक में परीक्षा से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं जैसे परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, पेपर की गोपनीयता, पर्यवेक्षकों की नियुक्ति, बिजली, पेयजल, स्वच्छता व चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता पर विस्तार से चर्चा की गई।
अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) ने बताया कि उक्त परीक्षा 03 जून 2026 (दिन बुधवार) व 04 जून 2026 (दिन बृहस्पतिवार) को प्रत्येक दिवस दो पाली में प्रथम पाली पूर्वान्ह 09:30 बजे से पूर्वान्ह 11:30 बजे तक द्वितीय पाली अपरान्ह 02:30 बजे से 04:30 बजे तक जनपद रायबरेली के 23 परीक्षा केन्द्रों पर आयोजित की जायेगी, जिसमें 03 जून 2026 को प्रथम पाली में 8832 द्वितीय पाली में 9508 अभ्यर्थी एवं 04 जून 2026 को प्रथम पाली में 9246 द्वितीय पाली में 8862 दोनों दिवस को कुल मिलाकर कुल 36448 अभ्यर्थी प्रतिभाग करेंगे।
उन्होंने बताया कि परीक्षा को शुचितापूर्ण, सकुशल सम्पन्न कराने हेतु प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किये गये है। परीक्षा केन्द्र पर तैनात स्टैटिक मजिस्ट्रेट आवंटित परीक्षा केन्द्रों की भौगोलिक स्थिति की जानकारी ससमय अवश्य कर लेंगे और परीक्षा दिवस पर परीक्षा प्रारम्भ होने से पूर्व कम से कम 03 घंटा पहले अनिवार्य रूप से पहुंच जायेगें। परीक्षा केन्द्र पर अभ्यर्थियों की फ्रिस्किंग, सी०सी० टी०वी० कन्ट्रोल रूम इत्यादि का निरीक्षण करेंगे।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि समस्त तैनात स्टैटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, जिला विद्यालय निरीक्षक रायबरेली परीक्षा केन्द्रों का भ्रमण कर लें यदि किसी परीक्षा केन्द्र पर व्यवस्थापन में कोई कमी होती है तो केन्द्र व्यवस्थापक के ससमय पूर्ण करा लें, समस्त तैनात अधिकारी/कर्मचारी आपस में समन्वय स्थापित कर परीक्षा को शुचितापूर्ण, सकुशल सम्पन्न कराना सुनिश्चित करेंगे।
बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार सिंह, सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केन्द्र व्यवस्थापक सहित सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित रहे।



