पुलिस का “ड्रिंक एंड ड्राइव” के विरुद्ध विशेष चेकिंग अभियान

पुलिस का “ड्रिंक एंड ड्राइव” के विरुद्ध विशेष चेकिंग अभियान
रायबरेली 30 मई 2026
अपर पुलिस महानिदेशक, यातायात एवं सड़क सुरक्षा, उत्तर प्रदेश, लखनऊ द्वारा निर्गत आदेश के क्रम में तथा पुलिस अधीक्षक रायबरेली रवि कुमार के निर्देशन में जनपद रायबरेली में सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने हेतु विशेष चेकिंग अभियान समय 20:00 बजे से 23:00 बजे तक चलाया गया। अभियान के अंतर्गत जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों एवं प्रमुख मार्गों एवं चौराहों पर यातायात पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से व्यापक स्तर पर वाहन चेकिंग की गई।
अभियान के दौरान विशेष रूप से शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही की गई। इस अभियान हेतु ब्रेथ एनालाइजर के माध्यम से चालकों की जांच कराई गई तथा प्रत्येक जांच हेतु नए एवं डिस्पोजेबल माउथपीस का प्रयोग सुनिश्चित किया गया। संदिग्ध वाहनों एवं चालकों की रैंडम चेकिंग भी की गई।
चेकिंग अभियान के दौरान मोडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हार्न, हूटर लगे वाहनों के विरुद्ध कार्यवाही की गई। साथ ही बिना मानक अथवा अस्पष्ट नंबर प्लेट वाले वाहनों की जांच कर नियमानुसार चालान व अन्य विधिक कार्यवाही की गई। रिपीट ऑफेंडर्स को चिन्हित कर उनके विरुद्ध विशेष निगरानी एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की गई।
अभियान के दौरान “डोंट ड्रिंक एंड ड्राइव” संबंधी जागरूकता अभियान भी चलाया गया तथा आमजन को सड़क सुरक्षा नियमों के पालन हेतु जागरूक किया गया। यातायात पुलिस द्वारा वाहन चालकों को सुरक्षित वाहन संचालन, सीट बेल्ट एवं हेलमेट के प्रति प्रेरित किया गया।
उक्त अभियान के अंतर्गत कुल 2326 संदिग्ध वाहनों एवं 3342 संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की गई। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 335 वाहनों का चालान किया गया एवं 04 वाहन सीज किये गए। साथ ही 51 व्यक्तियों के विरुद्ध शराब पीकर वाहन चलाने के संबंध में वैधानिक कार्यवाही की गई।



