विश्व स्वास्थ्य दिवस पर जागरूकता का संदेश, विद्यार्थियों ने दिए स्वस्थ जीवन के सूत्र

विश्व स्वास्थ्य दिवस पर जागरूकता का संदेश, विद्यार्थियों ने दिए स्वस्थ जीवन के सूत्र
रायबरेली। बेहतर और स्वस्थ भविष्य के प्रति जागरूकता तथा सामूहिक प्रतिबद्धता के साथ न्यू स्टैंडर्ड पब्लिक स्कूल सीनियर सेकेंडरी स्कूल त्रिपुला में विश्व स्वास्थ्य दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने स्वास्थ्य के महत्व पर अपने विचार प्रस्तुत किए एवं सारगर्भित घोषों और विचारों के माध्यम से जागरूकता फैलाने का प्रयास किया।
छात्र मणिकांत ने प्रभावशाली भाषण के माध्यम से संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और स्वच्छता को स्वस्थ जीवन का आधार बताते हुए सभी को इन आदतों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। वहीं छात्रा काव्यांशी ने अपनी भावपूर्ण कविता के जरिए स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।
प्रधानाचार्य शिवलखन प्रजापति ने कहा कि आज के व्यस्ततम जीवन में लोग अपने स्वास्थ्य के प्रति लापरवाह होते जा रहे हैं, जो कई बीमारियों का कारण बनता है, “स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का वास होता है, इसलिए हमें अपने दैनिक जीवन में संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और स्वच्छता को प्राथमिकता देनी चाहिए ” , अच्छी आदतों से न केवल हमारा शरीर स्वस्थ रहेगा बल्कि हम मानसिक रूप से भी सशक्त होंगे।
इस अवसर पर शिवकरन पाल, संयोजिका संचिता त्रिवेदी, प्रशांत पांडेय, शाहीन खान, शुभी सिंह, गिरीश श्रीवास्तव सहित शिक्षक-शिक्षिकाएँ, विद्यार्थी एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे।



