शाहपुरा नगरपालिका का विधायक ने किया औचक निरीक्षण, विकास कार्यों की ली समीक्षा
SvasJsNews | शाहपुरा | राजेन्द्र खटीक

शाहपुरा नगरपालिका का विधायक ने किया औचक निरीक्षण, विकास कार्यों की ली समीक्षा
SvasJsNews | शाहपुरा | राजेन्द्र खटीक
डॉ. लालाराम बैरवा ने सोमवार को नगर पालिका शाहपुरा का औचक निरीक्षण कर शहर में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक कर कार्यों की स्थिति पर चर्चा की।

निरीक्षण के दौरान विधायक ने शहर की साफ-सफाई व्यवस्था, सड़क निर्माण कार्य, जल निकासी प्रणाली, नगर पालिका के राजस्व एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जाए तथा कचरा निस्तारण प्रणाली को प्रभावी बनाया जाए। साथ ही शहर के सौंदर्यकरण और रोड लाइट व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की समीक्षा करते हुए विधायक ने गुणवत्ता के साथ समयबद्ध कार्य पूर्ण करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि नागरिकों को सुगम आवागमन उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। साथ ही शहर में जलभराव की समस्या के समाधान के लिए नालों की नियमित सफाई और मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।बैठक के दौरान नगर पालिका के राजस्व को बढ़ाने के उपायों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की जिम्मेदारी है तथा विकास कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता बनाए रखना आवश्यक है।

इस अवसर पर नगर पालिका के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। विधायक ने सभी अधिकारियों से समन्वय बनाकर कार्य करने और शहर के समग्र विकास को गति देने का आह्वान किया।



