नवकार महामंत्र कलश यात्रा: श्रद्धा और भक्ति से सराबोर हुआ शाहपुरा, जगह-जगह भव्य स्वागत
SvasJsNews | शाहपुरा | राजेन्द्र खटीक

नवकार महामंत्र कलश यात्रा: श्रद्धा और भक्ति से सराबोर हुआ शाहपुरा, जगह-जगह भव्य स्वागत
SvasJsNews | शाहपुरा | राजेन्द्र खटीक शाहपुरा में सोमवार को नवकार महामंत्र कलश यात्रा का भव्य आयोजन श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। जितो जैन फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित इस यात्रा ने पूरे शहर को भक्तिमय वातावरण में सराबोर कर दिया।प्रातः 8:30 बजे त्रिमूर्ति सर्किल से प्रारंभ हुई यह भव्य यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए दिगंबर वर्धमान भवन पहुंचकर सम्पन्न हुई। यात्रा त्रिमूर्ति सर्किल से रवाना होकर बालाजी की छतरी और काला भाटा मंदिर मार्ग से निकली, जहां जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया।
यात्रा के दौरान नवकार महामंत्र के जाप से पूरा वातावरण धर्ममय और सकारात्मक ऊर्जा से भर गया। इस आयोजन में सकल जैन समाज—दिगम्बर एवं श्वेतांबर दोनों समुदायों के श्रद्धालुओं ने एकजुट होकर सहभागिता निभाई, जो सामाजिक एकता और धार्मिक समरसता का प्रतीक बना।समाज के लाला कोठारी ने बताया कि आयोजन को लेकर समाज में विशेष उत्साह देखने को मिला। महिलाओं के साथ-साथ पुरुषों और युवाओं ने भी पूरे जोश के साथ भाग लिया। यात्रा के समापन पर दिगंबर वर्धमान भवन में धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां शांति, सद्भाव और विश्व कल्याण की कामना की गई।



