ब्रज को मांस-मदिरा मुक्त बनाने की मांग, करणी सेना ने शुरू किया अभियान
शाहपुरा-राजेन्द्र खटीक।

ब्रज को मांस-मदिरा मुक्त बनाने की मांग, करणी सेना ने शुरू किया अभियान
शाहपुरा-राजेन्द्र खटीक।
मथुरा-क्षत्रिय करणी सेना ने मथुरा सहित पूरे ब्रज क्षेत्र को मांस और मदिरा मुक्त बनाने की मांग को लेकर बड़ा अभियान शुरू करने की घोषणा की है। इस संबंध में संगठन के जिला अध्यक्ष विजयपाल ठाकुर ने मुख्यमंत्री और मथुरा के जिलाधिकारी को पत्र भेजकर अपनी मांग रखी है। विजयपाल ठाकुर ने कहा कि मथुरा और ब्रज क्षेत्र देश-दुनिया में भगवान श्रीकृष्ण की पावन भूमि के रूप में प्रसिद्ध है। यहां हर साल लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। ऐसे धार्मिक और आस्था से जुड़े क्षेत्र में मांस और मदिरा की बिक्री ब्रज की परंपरा और संस्कृति के अनुकूल नहीं है। इसलिए इसे पूरी तरह बंद किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश के कई धार्मिक शहरों में इस तरह की व्यवस्था पहले से लागू है। उदाहरण के तौर पर ऋषिकेश और अयोध्या जैसे स्थानों पर मांस और मदिरा की बिक्री पर नियंत्रण रखा गया है।

इसी तरह की व्यवस्था मथुरा और पूरे ब्रज क्षेत्र में भी लागू की जानी चाहिए, ताकि यहां की धार्मिक मर्यादा और सांस्कृतिक पहचान बनी रहे। करणी सेना का कहना है कि यह अभियान किसी के खिलाफ नहीं बल्कि ब्रज की धार्मिक गरिमा को बनाए रखने के लिए चलाया जा रहा है। संगठन का मानना है कि यदि प्रशासन इस दिशा में कदम उठाता है तो इससे ब्रज की पवित्रता और धार्मिक माहौल को और मजबूती मिलेगी। विजयपाल ठाकुर ने यह भी स्पष्ट किया कि संगठन इस मुद्दे को पूरी तरह शांतिपूर्ण और कानून के दायरे में रहकर आगे बढ़ाएगा। उन्होंने कहा कि यदि उनकी मांग पर उचित कार्रवाई नहीं होती है तो करणी सेना इस मामले को लेकर अदालत का दरवाजा भी खटखटा सकती है।
अब देखना होगा कि करणी सेना की इस मांग पर प्रशासन क्या रुख अपनाता है और आगे इस विषय में क्या निर्णय लिया जाता है।



