जिला स्तरीय अम्बेडकर जयंती समारोह की तैयारियां तेज, भव्य आयोजन की रूपरेखा तय
ब्यूरो रिपोर्ट- शाहपुरा-राजेन्द्र खटीक/ राजस्थान

जिला स्तरीय अम्बेडकर जयंती समारोह की तैयारियां तेज, भव्य आयोजन की रूपरेखा तय
SvasJsNews
शाहपुरा-मांडल क्षेत्र में आगामी 14 अप्रैल 2026 को आयोजित होने वाले जिला स्तरीय विशाल अम्बेडकर जयंती एवं प्रतिभावान सम्मान समारोह को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। इसी क्रम में सोलंकी इवेंट शाहपुरा में एक महत्वपूर्ण सभा का आयोजन किया गया, जिसमें मांडल, कोटड़ी और बनेड़ा क्षेत्र से अम्बेडकर विचार मंच संस्थान के सदस्य शामिल हुए।

सभा में संस्थान के अध्यक्ष कालूराम खटीक और सचिव जीवन ऐरवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि यह आयोजन शिक्षा, सम्मान और स्वाभिमान को समर्पित एक भव्य कार्यक्रम होगा। कार्यक्रम के तहत सुबह 9:00 बजे से 12:00 बजे तक विशाल वाहन रैली निकाली जाएगी, जो नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों और मोहल्लों से होते हुए राजीव गांधी खेल स्टेडियम मांडल पहुंचेगी। इसके बाद दोपहर 12:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक स्टेडियम में प्रतिभावान सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इस दौरान कक्षा 10वीं और 12वीं में 80% से अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं, उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं खेल प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा। आयोजन समिति ने स्पष्ट किया कि सम्मान प्राप्त करने के लिए इच्छुक प्रतिभागियों को पूर्व में फॉर्म भरकर टोकन प्राप्त करना अनिवार्य होगा।

कार्यक्रम में देशभर से कई विशिष्ट अतिथियों को आमंत्रित किया गया है, जिनमें सामाजिक, शैक्षिक, औद्योगिक और पत्रकारिता क्षेत्र से जुड़े गणमान्य लोग शामिल रहेंगे। इनमें राष्ट्रीय स्तर के पदाधिकारी, पूर्व वायुसेना अधिकारी, उद्योगपति, पत्रकार और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि प्रमुख रूप से भाग लेंगे। सभा के दौरान शाहपुरा और मांडल क्षेत्र के कई पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे, जिन्होंने आयोजन को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया। आयोजन समिति ने सभी नागरिकों से सपरिवार कार्यक्रम में शामिल होकर इस महापर्व को सफल बनाने की अपील की है।



