#SvasJsNewsब्रेकिंग न्यूज़भीलवाड़ाराजस्थान

विधानसभा में गूंजी सहाड़ा-रायपुर की स्वास्थ्य मांग, उन्नयन पर जोर

विधानसभा में गूंजी सहाड़ा-रायपुर की स्वास्थ्य मांग, उन्नयन पर जोर

रिपोर्ट:सत्यनारायण सेन, गुरला

गुरला/जयपुर। राज्य विधानसभा में सहाड़ा क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने की मांग जोरदार तरीके से उठी। सहाड़ा विधायक लादूलाल पितलिया ने क्षेत्र में बढ़ती आबादी और सीमित संसाधनों का मुद्दा रखते हुए सरकार से व्यापक स्वास्थ्य ढांचे के विस्तार की मांग की। उन्होंने कहा कि सहाड़ा-रायपुर क्षेत्र की आबादी लगभग दो लाख के आसपास पहुंच चुकी है, जबकि वर्तमान स्वास्थ्य सुविधाएं इस दबाव को संभालने में पर्याप्त नहीं हैं।
विधायक ने हमीरगढ़ उपजिला चिकित्सालय और कारोई खांकला सीएचसी की स्वीकृति के लिए सरकार का आभार जताया, लेकिन स्पष्ट किया कि यह पर्याप्त नहीं है। उन्होंने रायपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को उपजिला चिकित्सालय में क्रमोन्नत करने की आवश्यकता पर विशेष बल दिया। उनका कहना था कि क्षेत्र राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ा होने के कारण यहां दुर्घटनाओं की संख्या अधिक रहती है, ऐसे में उन्नत ट्रॉमा और आपात चिकित्सा सुविधाएं अनिवार्य हो गई हैं।

इसके साथ ही गंगापुर सैटेलाइट अस्पताल में बेड क्षमता बढ़ाकर 150 करने तथा वहां नर्सिंग कॉलेज स्थापित करने का प्रस्ताव भी रखा गया। विधायक ने नाथडियास और आशाहोली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में क्रमोन्नत करने और दूरस्थ ग्रामीण अंचलों में नए उप-स्वास्थ्य केंद्र खोलने की मांग की। उन्होंने अस्पतालों में सर्जन, ऑर्थोपेडिक, ईएनटी विशेषज्ञों और नर्सिंग स्टाफ के रिक्त पदों को शीघ्र भरने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। गंभीर मरीजों और नवजात शिशुओं की आपात जरूरतों को देखते हुए रायपुर और गंगापुर में आईसीयू एम्बुलेंस उपलब्ध कराने की मांग भी प्रमुखता से रखी गई। इधर ग्रामीणों ने गुरला में नया आयुर्वेदिक चिकित्सालय खोलने और पीएचसी को सीएचसी में क्रमोन्नत करने की मांग दोहराई। विधायक ने कहा कि जनस्वास्थ्य सर्वोच्च प्राथमिकता है और सरकार को शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए।

Related Articles

Back to top button