माघ मेला के लिए श्रद्धालुओं को बड़ी सौगात, कासगंज–झूसी माघ मेला विशेष ट्रेन का संचालन
रिपोर्ट- दीपक सिंह

माघ मेला के लिए श्रद्धालुओं को बड़ी सौगात, कासगंज–झूसी माघ मेला विशेष ट्रेन का संचालन
SvasJsNews
पूर्वोत्तर रेलवे, इज्जतनगर मंडल द्वारा प्रयागराज में आयोजित होने वाले विश्व प्रसिद्ध माघ मेला के अवसर पर श्रद्धालु रेल यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की बढ़ती भीड़ और सुगम आवागमन को देखते हुए 00501 कासगंज–झूसी माघ मेला विशेष गाड़ी के संचालन की घोषणा की है। यह विशेष ट्रेन 28, 29 एवं 30 दिसंबर, 2025 को निर्धारित समय सारणी के अनुसार चलाई जाएगी।

यह माघ मेला विशेष ट्रेन कासगंज से अपराह्न 15:00 बजे प्रस्थान करेगी और बदायूं, बरेली सिटी, इज्जतनगर, भोजीपुरा, पीलीभीत, पूरनपुर, मैलानी, लखीमपुर, सीतापुर, बुढ़वल, गोण्डा, बस्ती, गोरखपुर, देवरिया, भटनी, बेल्थरा रोड, मऊ, औड़ीहार, वाराणसी सिटी, वाराणसी जंक्शन, बनारस, माधोसिंह और ज्ञानपुर रोड जैसे प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव करते हुए अगले दिन 11:30 बजे झूसी पहुंचेगी। इस रूट पर पड़ने वाले जिलों के श्रद्धालुओं को इससे सीधा लाभ मिलेगा।

रेलवे द्वारा इस विशेष गाड़ी में कुल 16 कोच लगाए जा रहे हैं, जिनमें साधारण द्वितीय श्रेणी और शयनयान श्रेणी के 14 कोच तथा 2 एसएलआर कोच शामिल हैं। विशेष बात यह है कि इस ट्रेन के सभी कोच अनारक्षित होंगे, जिससे सामान्य श्रद्धालु बिना किसी अतिरिक्त औपचारिकता के यात्रा कर सकेंगे।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक इज्जतनगर, संजीव शर्मा ने बताया कि रेलवे का उद्देश्य माघ मेला के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुलभ और सुविधाजनक रेल सेवा उपलब्ध कराना है। रेलवे की यह पहल निश्चित रूप से श्रद्धालुओं के लिए राहत भरी साबित होगी और माघ मेला यात्रा को और अधिक सहज बनाएगी।




