#SvasJsNewsब्रेकिंग न्यूज़भीलवाड़ाराजस्थानराज्य

हाइवे 758 पर बड़ा हादसा टला, तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराकर पलटी, कार सवार कुएं में कूदा

रिपोर्टर- सत्यनारायण सेन गुरला

हाइवे 758 पर बड़ा हादसा टला, तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराकर पलटी, कार सवार कुएं में कूदा
— SvasJsNews

भीलवाड़ा (राजस्थान) राज्य के भीलवाड़ा जनपद अंतर्गत गुरलां ग्राम पंचायत के आबादी क्षेत्र से गुजरने वाले हाइवे 758 पर बुधवार देर शाम एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। तेज रफ्तार से आ रही एक कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और पलट गई। गनीमत यह रही कि इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, वरना हालात बेहद भयावह हो सकते थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार शाम करीब 9 बजे भीलवाड़ा से उदयपुर की ओर जा रही एक तेज रफ्तार कार गुरलां आबादी क्षेत्र में चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई। कार पहले डिवाइडर से टकराई और फिर पलटते हुए सड़क किनारे जा गिरी। हादसे के समय कार में दो लोग सवार थे, जो बाल-बाल बच गए।


कार सवार कुएं में कूदा
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि कार में सवार दो लोगों में से एक व्यक्ति ग्रामीणों की भीड़ और संभावित पिटाई के डर से पास ही स्थित खुले कुएं में कूद गया। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए उसे सुरक्षित बाहर निकाला और पुलिस के हवाले कर दिया।

पुलिस, हाईवे सेफ्टी टीम और एम्बुलेंस मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, हाईवे सेफ्टी टीम और एम्बुलेंस सेवा मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और ग्रामीणों की मदद से दुर्घटनाग्रस्त कार को सीधा कराया गया। राहत की बात यह रही कि जिस स्थान पर कार पलटी, वहां आमतौर पर ग्रामीण रात्रिकालीन भ्रमण के लिए निकलते हैं, लेकिन उस समय कोई वहां मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

ग्रामीणों की मांग: सर्विस लाइन व कुएं पर जाली
घटना के बाद गुरलां के ग्रामीणों में रोष देखने को मिला। ग्रामीणों ने बताया कि आबादी क्षेत्र में ग्राम पंचायत भवन, अस्पताल, स्कूल, बैंक सहित कई सरकारी कार्यालय स्थित हैं, जिससे दिन-रात लोगों की आवाजाही बनी रहती है। सर्विस लाइन नहीं होने के कारण ग्रामीणों को मजबूरन हाइवे पर चलना पड़ता है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल सर्विस लाइन निर्माण और खुले कुएं पर जाली लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके।

SvasJsNews प्रशासन से इस गंभीर समस्या पर शीघ्र संज्ञान लेने की अपील करता है।

Related Articles

Back to top button