एमएलसी चुनाव को लेकर डीएम-एसपी ने पुलिस बल की ब्रीफिंग की, रवानगी स्थल का किया निरीक्षण

एमएलसी चुनाव को लेकर डीएम-एसपी ने पुलिस बल की ब्रीफिंग की, रवानगी स्थल का किया निरीक्षण
ब्यूरो रिपोर्टर – तुषार शुक्ला
लखीमपुर खीरी, 22 अक्टूबर। आगामी एमएलसी (विधान परिषद) चुनाव को निष्पक्ष, सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग ने गुरुवार को पुलिस लाइन खीरी में चुनाव ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की संयुक्त ब्रीफिंग की। इस दौरान अधिकारियों ने निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने और मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए।
ब्रीफिंग के दौरान पुलिसकर्मियों को असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने, कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा आम जनता और मतदाताओं के साथ शालीन व्यवहार करने के लिए निर्देशित किया गया। अधिकारियों ने कहा कि मतदान प्रक्रिया के दौरान पूरी सतर्कता बरती जाए, ताकि मतदाता भयमुक्त वातावरण में अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें और निर्वाचन प्रक्रिया निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न हो।
पुलिस बल की रवानगी व्यवस्था परखी
ब्रीफिंग के बाद जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने पुलिस बल की रवानगी के लिए निर्धारित स्थल धर्मशाला इंटर कॉलेज का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा प्रबंधों, पुलिस बल के आवागमन, ठहरने और अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुलिस बल की रवानगी प्रक्रिया निर्धारित समय पर और व्यवस्थित तरीके से पूरी कराई जाए।
चुनाव में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
अधिकारियों ने चुनाव ड्यूटी में लगे सभी पुलिसकर्मियों को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा, निष्पक्षता और सतर्कता के साथ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निर्विघ्न संपन्न कराना प्रशासन एवं पुलिस की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें और किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल उच्चाधिकारियों को अवगत कराएं।



