बाजूडीह चोरीकांड का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार; ₹45,540 नकद, सोने-चांदी के जेवर और तमंचा बरामद

बाजूडीह चोरीकांड का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार; ₹45,540 नकद, सोने-चांदी के जेवर और तमंचा बरामद
ब्यूरो रिपोर्टर – तुषार शुक्ला
लखीमपुर खीरी। कोतवाली सदर पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सितंबर माह में ग्राम बाजूडीह में हुई चोरी की घटना का खुलासा किया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 45,540 रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवरात, एक अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। मामले में एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक खीरी डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी और क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सदर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर 22 अक्टूबर की रात लखीमपुर-बहराइच रोड पर रामापुर के आगे स्थित एक अर्धनिर्मित फैक्ट्री के खाली मैदान में दबिश दी। पुलिस के अनुसार, वहां आरोपी चोरी के सामान का बंटवारा करने और उसे बेचने की फिराक में थे।
पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनकी पहचान ओरीलाल भार्गव उर्फ होरीलाल निवासी महाराजनगर, थाना धौरहरा, परशुराम लोध निवासी टापरपुरवा, थाना ईसानगर और घनश्याम पासी निवासी समदहा, थाना खमरिया के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने ग्राम बाजूडीह में छत के रास्ते घर में घुसकर ताला तोड़ने और चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 45,540 रुपये नकद बरामद किए। इनमें ओरीलाल से 6,310 रुपये, परशुराम से 9,030 रुपये और घनश्याम से 30,200 रुपये मिले। इसके अलावा सोने की चार महिला अंगूठियां, दो जोड़ी कान के झाले, एक जोड़ी कान की बाली, करीब एक ग्राम का ओम लॉकेट और लगभग 56 ग्राम वजन की एक जोड़ी चांदी की पायल बरामद हुई। पुलिस ने एक अवैध देशी तमंचा 315 बोर और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं।
इस मामले में सर्वेश निवासी नयापुरवा, थाना धौरहरा फरार बताया गया है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध चोरी, नकबजनी सहित विभिन्न मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। फरार आरोपी के विरुद्ध भी चोरी, नकबजनी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट सहित कई मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह सहित कोतवाली सदर पुलिस के सात कर्मी तथा प्रभारी स्वाट टीम उपनिरीक्षक जयप्रकाश यादव के नेतृत्व में स्वाट टीम के पांच सदस्य शामिल रहे।



