पीलीभीत में ‘कबाड़ से जुगाड़’ अभियान, पुराने रेल स्क्रैप को किया गया अलग

पीलीभीत में ‘कबाड़ से जुगाड़’ अभियान, पुराने रेल स्क्रैप को किया गया अलग
पीलीभीत। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान के तहत पीलीभीत समेत मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर ‘स्वच्छता से समृद्धि अभियान’ चलाया गया। मंडल रेल प्रबंधक सुश्री वीणा सिन्हा के मार्गदर्शन तथा यांत्रिक विभाग (ई.एन.एच.एम.) के तत्वावधान में आयोजित अभियान के दौरान ‘कबाड़ से जुगाड़/कबाड़ से कला’ विषय के माध्यम से स्वच्छता, पुनः उपयोग और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। पीलीभीत रेलवे स्टेशन सहित मंडल के लोको शेड, ट्रेन सेट, स्टेशनों, यार्ड तथा सीनियर सेक्शन इंजीनियर (कार्य एवं रेलपथ) कार्यालयों में लंबे समय से पड़े अनुपयोगी रेल स्क्रैप को चिन्हित कर अलग किया गया। इसमें पुराने उपकरण, कोच के बेकार पुर्जे, लोहे के टुकड़े और अन्य धातु स्क्रैप शामिल रहे। कर्मचारियों को अनुपयोगी सामग्री के उचित प्रबंधन और उपयोगी वस्तुओं के रूप में पुनः इस्तेमाल के लिए जागरूक किया गया।अभियान के तहत पीलीभीत के साथ काठगोदाम, हल्द्वानी, लालकुआं, रुद्रपुर सिटी, काशीपुर, बरेली सिटी, इज्जतनगर, कासगंज, हाथरस, फर्रुखाबाद और कन्नौज आदि स्थानों पर भी स्वच्छता गतिविधियां आयोजित की गईं।
काठगोदाम में प्लास्टिक रीसाइक्लिंग मेला
इसी क्रम में काठगोदाम रेलवे स्टेशन पर प्लास्टिक रीसाइक्लिंग मेला एवं कार्यशाला आयोजित की गई। इसका उद्देश्य स्टेशन के वेंडर्स, कैंटीन एवं खान-पान स्टॉलों जैसे थोक कचरा उत्पादकों को अधिकृत रीसाइक्लर मेसर्स स्वयंभू इनोवेटिव सॉल्यूशंस प्रा. लिमिटेड से जोड़ना रहा। कार्यक्रम में प्लास्टिक कचरे के संग्रहण, पृथक्करण, जिम्मेदारीपूर्ण निस्तारण और रीसाइक्लिंग की जानकारी दी गई। वेंडर्स एवं अन्य हितधारकों को प्लास्टिक कचरे को उचित माध्यम से रीसाइक्लिंग के लिए भेजने के लिए प्रोत्साहित किया गया। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों एवं रेल परिसर से जुड़े लोगों से स्वच्छता बनाए रखने और कचरे का उचित निस्तारण करने में सहयोग की अपील की।




