किसानों से कीटनाशक उपयोग कम करने की अपील, स्वस्थ भविष्य का संदेश

अकाल अकादमी के विद्यार्थियों की जागरूकता रैली: किसानों से कीटनाशक उपयोग कम करने की अपील, स्वस्थ भविष्य का संदेश
पूरनपुर (पीलीभीत) से विशेष रिपोर्ट
जनपद पीलीभीत के विकासखंड पूरनपुर स्थित अकाल अकादमी, कजरी निरंजनपुर के छात्र-छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण और जनस्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से एक प्रभावशाली रैली का आयोजन किया। तेज धूप के बावजूद विद्यार्थियों का उत्साह और संकल्प देखने लायक था। हाथों में संदेश लिखी तख्तियां लिए छात्र-छात्राएं गांव की सड़कों पर निकले और किसानों से अपील की कि वे फसलों में अत्यधिक कीटनाशक दवाइयों के प्रयोग से बचें।

रैली के दौरान बच्चों ने “धरती मां को बचाओ, अपना स्वास्थ्य सुरक्षित करो” जैसे प्रेरक नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। उनका कहना था कि रासायनिक कीटनाशकों का अधिक उपयोग न केवल भूमि की उर्वरता को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि इससे पैदा होने वाला अनाज भी जहरीला हो जाता है। ऐसे दूषित खाद्य पदार्थों के सेवन से मनुष्यों में विभिन्न गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है, जो आने वाले समय के लिए चिंता का विषय है।

इस अवसर पर स्थानीय युवा सामाजिक कार्यकर्ता एवं अधिवक्ता पलविन्दर सिंह ने रैली का स्वागत करते हुए विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की पहल समाज को सही दिशा दिखाने का कार्य करती है और युवाओं में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करती है।

वहीं अधिवक्ता पलविन्दर सिंह ने संवाददाता से बातचीत में कहा कि यह एक सराहनीय और समयानुकूल पहल है। उन्होंने कहा कि सामाजिक संगठनों और प्रशासन को भी इस दिशा में गंभीरता से कदम उठाने चाहिए, ताकि कीटनाशकों के अंधाधुंध प्रयोग पर रोक लगाई जा सके और लोगों को स्वच्छ व सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।

यह रैली न केवल जागरूकता का संदेश देने में सफल रही, बल्कि यह भी दर्शाती है कि यदि नई पीढ़ी आगे आकर जिम्मेदारी निभाए, तो समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है।





