रफ्तार का कहर: ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बुझा घर का चिराग, साथी जिंदगी से जूझ रहा
रिपोर्ट- वरुण देव, पीलीभीत। उत्तर प्रदेश

रफ्तार का कहर: ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बुझा घर का चिराग, साथी जिंदगी से जूझ रहा
#SvasJsNews
पूरनपुर (पीलीभीत)। तेज रफ्तार और लापरवाही ने एक बार फिर एक परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। सड़क पर हुई भीषण टक्कर में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल होकर जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है। इस हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।

जानकारी के मुताबिक, थाना सेहरामऊ क्षेत्र के ग्राम पजाबा निवासी अरुण कुमार (32) अपने गांव के ही एक साथी के साथ बाइक से कुर्रेया रेलवे स्टेशन की ओर जा रहे थे। रास्ते में सोंधा रोड पर पहुंचते ही सामने से आ रही तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि दोनों युवक उछलकर सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और बिना समय गंवाए दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पूरनपुर पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने अरुण कुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनके साथी का इलाज जारी है और उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

जैसे ही अरुण की मौत की खबर गांव पहुंची, परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजन बदहवास हालत में अस्पताल पहुंचे। मृतक के पिता ने बताया कि अरुण तीन भाइयों में मंझले थे और परिवार की जिम्मेदारी उनके कंधों पर थी। उनकी असमय मौत से परिवार पर आर्थिक और मानसिक संकट गहरा गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है और दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यह घटना एक बार फिर सड़क सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करती है। तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना न सिर्फ कानून का उल्लंघन है, बल्कि यह किसी के जीवन का अंत भी बन सकता है। जरूरत है कि वाहन चालक सतर्कता बरतें, ताकि ऐसे हादसों पर लगाम लगाई जा सके।



