महिला अधिकारों को लेकर ऐपवा का मार्च, अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर उठी कड़ी मांगें

महिला अधिकारों को लेकर ऐपवा का मार्च, अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर उठी कड़ी मांगे
#SvasJsNews
पूरनपुर।पीलीभीत-अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय प्रगतिशील महिला एसोसिएशन (ऐपवा) की ओर से महिलाओं के अधिकारों और सुरक्षा को लेकर पूरनपुर में एक व्यापक महिला अधिकार मार्च निकाला गया। यह मार्च भाकपा (माले) पार्टी कार्यालय से प्रारंभ होकर ब्लॉक चौराहा होते हुए रेलवे स्टेशन तक पहुंचा, जहां कार्यक्रम का समापन हुआ। मार्च के दौरान महिलाओं ने विभिन्न राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों को लेकर आवाज उठाई। प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने हाथों में गुड़िया लेकर बच्चियों की सुरक्षा और न्याय की मांग का प्रतीकात्मक प्रदर्शन किया। इस दौरान वक्ताओं ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सामने आए गंभीर मामलों में दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की।

कार्यक्रम का नेतृत्व करते हुए ऐपवा की ब्लॉक संयोजक कामरेड मारिया ने कहा कि दुनिया के कई हिस्सों में बच्चियों के साथ हो रही घटनाएं मानवता के लिए चिंता का विषय हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी प्रकार के शोषण या अत्याचार के मामले सामने आते हैं तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ निष्पक्ष जांच कर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि सत्ता और प्रभावशाली पदों पर बैठे लोगों की जिम्मेदारी समाज में सुरक्षा और न्याय सुनिश्चित करने की होती है। कार्यक्रम में महिला नेता मुन्नी बेगम ने अंतरराष्ट्रीय संघर्षों में मासूम बच्चों के प्रभावित होने पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि युद्ध और हिंसा की परिस्थितियों में सबसे अधिक नुकसान आम नागरिकों और बच्चों को झेलना पड़ता है। उन्होंने विश्व स्तर पर शांति स्थापित करने और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर बल दिया।

आशा यूनियन की जिला अध्यक्ष इदरीशन ने आशा कार्यकर्ताओं सहित विभिन्न योजना से जुड़े महिला कर्मचारियों की समस्याओं को उठाया। उन्होंने कहा कि स्कीम वर्कर्स, जिनमें अधिकांश महिलाएं होती हैं, उन्हें सुरक्षा, सम्मानजनक कार्य परिस्थितियां और न्यूनतम वेतन मिलना चाहिए। साथ ही उन्हें राज्य कर्मचारी का दर्जा देने की भी मांग की गई। मार्च के समापन पर वक्ताओं ने महिला अधिकारों की रक्षा, बच्चियों की सुरक्षा और समाज में समानता सुनिश्चित करने के लिए निरंतर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में नूर बी, खुशबू देवी, नसीम, शाहिदा, आलिया बेगम सहित कई महिलाएं बड़ी संख्या में मौजूद रहीं।



