#SvasJsNewsपुलिस विभागब्रेकिंग न्यूज़भीलवाड़ाराजस्थान

सहाड़ा विधायक के काफिले पर हमला: नारेबाजी के बाद पीछा कर तोड़फोड़ और मारपीट, विधायक प्रतिनिधि सहित तीन घायल, 13 लोगों पर मुकदमा दर्ज

सहाड़ा विधायक के काफिले पर हमला: नारेबाजी के बाद पीछा कर तोड़फोड़ और मारपीट, विधायक प्रतिनिधि सहित तीन घायल, 13 लोगों पर मुकदमा दर्ज

सत्यनारायण सेन, गुरलां

भीलवाड़ा/रायपुर। जिले के रायपुर थाना क्षेत्र के खेमाणा गांव में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब साइकिल वितरण कार्यक्रम के बाद सहाड़ा विधायक लादूलाल पितलिया के काफिले को कथित रूप से घेरकर नारेबाजी की गई। हालात उस वक्त और बिगड़ गए, जब विधायक के रवाना होने के बाद उनके प्रतिनिधि और साथियों की कार पर हमला कर दिया गया। हमले में विधायक प्रतिनिधि सहित तीन लोग घायल हो गए। घटना को लेकर रायपुर थाना पुलिस ने करीब 13 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार गल्यावड़ी निवासी रतनलाल सुथार, रूपचंद पुत्र रतन गाडरी और रतन पुत्र शंकरलाल जाट ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में बताया गया कि खेमाणा स्थित राजकीय विद्यालय में आयोजित साइकिल वितरण कार्यक्रम में सहाड़ा विधायक के साथ वे तीनों भी मौजूद थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब विधायक अपनी गाड़ी से रवाना हुए, तभी कुछ लोगों ने रास्ता रोककर नारेबाजी शुरू कर दी। स्थिति को भांपते हुए विधायक वहां से निकल गए।


आरोप है कि विधायक के निकलने के बाद पीछे आ रही विधायक प्रतिनिधि और उनके साथियों की कार को आरोपियों ने रोक लिया। इस दौरान कार पर पत्थर फेंके गए, जिससे शीशे टूट गए। हमलावरों ने धमकी देते हुए कहा कि विधायक तो बच गए, नहीं तो अंजाम कुछ और होता। इसके बाद आरोपियों ने उनकी गाड़ी का पीछा किया और गल्यावड़ी गांव के पास उन्हें रोककर मारपीट की।घटना के दौरान शोर-शराबा सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला। ग्रामीणों की मदद से घायल तीनों को विधायक की गाड़ी में बैठाकर वहां से सुरक्षित निकाला गया। इसके बाद घायलों को रायपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका मेडिकल परीक्षण कर प्राथमिक उपचार दिया गया।

रायपुर थाना पुलिस के अनुसार इस मामले में चावंडसिंह राजपूत, नारायण सिंह, एक अन्य नारायण सिंह, किशन सिंह, सुमेर सिंह, महिपाल सिंह, पुष्पेंद्र सिंह, कान सिंह, कालू सिंह, दशरथ सिंह, चंद्रभान सिंह, नारायण पुत्र मदन सरगरा, पूरण सैन और मयूर सिंह चारोट सहित कुल 13 लोगों को आरोपी बनाया गया है। मामले की जांच एसआर सुखाड़िया को सौंपी गई है।पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों की भूमिका की गहनता से जांच की जा रही है। घटनास्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल रहा, हालांकि पुलिस की मौजूदगी से स्थिति फिलहाल नियंत्रण में बताई जा रही है।

Related Articles

Back to top button