#SvasJsNewsउत्तर प्रदेशदेशब्रेकिंग न्यूज़लखीमपुर खीरी

बाढ़ से प्रभावित खीरी के 9,250 किसानों के खातों में पहुंचे 6.42 करोड़ रुपये, शेष किसानों को दो दिन में मिलेगा अनुदान

बाढ़ से प्रभावित खीरी के 9,250 किसानों के खातों में पहुंचे 6.42 करोड़ रुपये, शेष किसानों को दो दिन में मिलेगा अनुदान

ब्यूरो रिपोर्टर -तुषार शुक्ला

लखीमपुर खीरी, 12 अक्टूबर। बाढ़ से फसलों को हुए नुकसान के बाद प्रभावित किसानों को राहत देने के लिए सरकार ने कृषि निवेश अनुदान की धनराशि जारी कर दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को प्रदेश के नौ लाख से अधिक किसानों के लिए 493 करोड़ रुपये की सहायता राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की। इसके तहत लखीमपुर खीरी के 9,250 किसानों के बैंक खातों में 6 करोड़ 42 लाख 74 हजार 93 रुपये की धनराशि भेजी गई है। वहीं, शेष 15,021 किसानों को 10 करोड़ 79 लाख 19 हजार 341 रुपये का अनुदान अगले दो दिनों में वितरित किया जाएगा।

कलेक्ट्रेट स्थित अटल सभागार में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में डीएम अंजनी कुमार सिंह, विधायक योगेश वर्मा, जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता और एडीएम बृजेश कुमार त्रिपाठी ने किसानों को सहायता राशि के डेमो चेक प्रदान किए। इस दौरान गोरखपुर में आयोजित मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी देखा और सुना गया।

प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को राहत

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर से बाढ़, अतिवृष्टि, ओलावृष्टि और चक्रवात के कारण फसल क्षति झेलने वाले प्रदेश के नौ लाख से अधिक किसानों के लिए 493 करोड़ रुपये की कृषि निवेश अनुदान राशि जारी की। डीबीटी के माध्यम से सीधे बैंक खातों में धनराशि भेजने का उद्देश्य सहायता वितरण में पारदर्शिता बनाए रखना और पात्र किसानों तक राहत पहुंचाना है।

विधायक योगेश वर्मा ने कहा कि प्राकृतिक आपदा से फसलें बर्बाद होने पर किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो जाता है। ऐसे समय में सरकार की ओर से दी जा रही सहायता किसानों को खेती दोबारा शुरू करने और अगली फसल की तैयारी करने में मदद करेगी। उन्होंने कहा कि प्रयास है कि सभी पात्र प्रभावित किसानों तक सहायता पहुंचे।

खीरी में 24,271 किसानों की फसल प्रभावित

डीएम अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि जनपद की पांच बाढ़ प्रभावित तहसीलों में कुल 24,271 किसानों की 8,148.200 हेक्टेयर फसल को नुकसान पहुंचा है। प्रभावित किसानों के लिए कुल 17 करोड़ 21 लाख 93 हजार 434 रुपये की सहायता निर्धारित की गई है। पहली किस्त में 9,250 किसानों के खातों में 6 करोड़ 42 लाख 74 हजार 93 रुपये भेजे गए हैं। शेष 15,021 किसानों को 10 करोड़ 79 लाख 19 हजार 341 रुपये का भुगतान अगले दो दिनों में किया जाएगा।

150 गांव बाढ़ से प्रभावित

एडीएम बृजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि इस वर्ष जनपद के 150 गांव बाढ़ से प्रभावित हुए। इनमें 41 गांवों की 64,720 आबादी सीधे प्रभावित हुई, जबकि 109 गांवों में कृषि भूमि को नुकसान पहुंचा। बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत देने के लिए 14,008 परिवारों को राहत किट वितरित की गईं। इसके अलावा सड़कों के किनारे और ऊंचे स्थानों पर शरण लेने वाले 21,110 विस्थापितों को 2,22,405 लंच पैकेट उपलब्ध कराए गए।

किसानों ने जताया आभार

सहायता प्राप्त करने वाले किसानों ने कहा कि बाढ़ के कारण उनकी फसलें बर्बाद हो गई थीं, जिससे परिवार के सामने आर्थिक परेशानियां खड़ी हो गई थीं। ऐसे समय में सरकार की ओर से मिली आर्थिक मदद राहत देने वाली है। किसानों ने सहायता के लिए मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया।

कार्यक्रम में एसडीएम युगांतर त्रिपाठी, एसडीएम अर्चना ओझा, तहसीलदार सदर एवं गोला सहित राजस्व विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button